वितरण केंद्र गुरुर में तकनीकी कर्मचारियों के लिए ‘‘विद्युत सुरक्षा कार्यशाला’’ का आयोजन…
- विद्युत दुर्घटना से बचाव व उसके उपायों को लेकर हुई एकदिवसीय कार्यशाला
दुर्ग, 21 अगस्त 2026 – छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत वितरण केंद्र गुरुर में निरीक्षण के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण ‘‘विद्युत सुरक्षा कार्यशाला’’ का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में सबडिविजन गुरुर तथा तीन वितरण केंद्रों गुरुर, पलारी एवं पुरुर में पदस्थ समस्त लाईन कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों के सही इस्तेमाल और रखरखाव के साथ दुर्घटना से बचाव हेतु जागरुक करना था। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने मैदानी अमले को विद्युत लाइनों पर कार्य करते समय बरती जाने वाली तमाम सुरक्षा सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला में अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री एस.मनोज द्वारा तकनीकी एवं ठेका कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य करने एवं लाइन मेन्टेनेंस के विषय में जानकारी दी गई। श्री मनोज ने कहा कि विद्युत सुरक्षा के बुनियादी सिद्धांतों को समझकर और पालन करके ही विद्युतीय दुर्घटनाएं रोकी जा सकती हैं। ज्यादातर हादसे छोटी-छोटी लापरवाही से होते हैं, इसलिए बचाव के साधनोें का पूरा उपयोग कर सतर्कतापूर्वक बिजली का कार्य किया जाना चाहिये।
कार्यशाला में अधिकारियों ने मैदानी कर्मियों को सुरक्षा उपकरणों जैसे सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट, दस्ताने, टेस्टर, डिस्चार्ज राड आदि सुरक्षा उपकरणों के उपयोग की बारीकियां सिखाई। अधिकारियों द्वारा सुरक्षा उपकरण जैसे डिस्चार्ज राड, सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट, दस्तानों आदि के सुरक्षात्मक उपयोग के बारे में विस्तार से बताते हुए, किस प्रकार उपकरणों का उपयोग करना है इनको प्रायोगिक तौर से दिखाया गया। साथ ही लाइन स्टॉफ को यह भी समझाया गया कि वे कार्य के दौरान खुद की सुरक्षा के साथ-साथ अपने सहकर्मियों और आम नागरिकों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखें, जिससे विद्युत दुर्घटनाओं को पूरी तरह रोककर शून्य विद्युत दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता श्रीमती अनसुईया ठाकुर, सहायक अभियंता श्री एच.के.यादव तथा कनिष्ठ अभियंता श्री दुष्यंत पोया एवं सुश्री उदिता साहू सहित समस्त तकनीकी कर्मचारी उपस्थित हुए।
