श्रावण मास के पावन अवसर पर ओम धर्म सेवा एवं जनकल्याण समिति द्वारा लगातार 25वें वर्ष कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
श्रावण मास के पावन अवसर पर ओम धर्म सेवा एवं जनकल्याण समिति द्वारा लगातार 25वें वर्ष कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। देश में सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना को लेकर आयोजित होने वाली इस यात्रा को इस वर्ष विशेष रूप दिया गया है।
आयोजन की तैयारियों को लेकर समिति की बैठक हुई, जिसमें यात्रा मार्ग, श्रद्धालुओं की सुविधा, जल-प्रसाद, भंडारा एवं सम्मान समारोह की व्यवस्थाओं पर चर्चा कर सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में समिति के दिवंगत सहयोगियों 19 वर्षीय सागर भालाघोड़े, सुरेश प्रधान एवं पूर्व अध्यक्ष उत्तम पारडे को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति एवं उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
समिति के संयोजक सुमन शील ने बताया कि सोमवार, 24 अगस्त 2026 को सुबह 6 बजे शिवनाथ नदी तट से प्रस्थान किया जाएगा। सुबह 7 बजे मां गंगा की पूजा-अर्चना एवं आरती के बाद मुख्य कांवड़ यात्रा प्रारंभ होगी। श्रद्धालु शिवनाथ नदी से पवित्र जल लेकर पावर हाउस चौक, ऑटो स्टैंड एवं रविशंकर शुक्ल मार्केट होते हुए मनोकामनेश्वर शिव मंदिर पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव के प्राचीन शिवलिंग का जलाभिषेक किया जाएगा।
इसके साथ ही बटकेश्वर महादेव मंदिर, संतोषी पारा, कैंप-2 में भी पूजा-अर्चना, जलाभिषेक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। यात्रा के उपरांत बुधवार, 26 अगस्त 2026 को भंडारा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।