चखने को लेकर विवाद में युवक को चाकू घोंपा, आंतड़ियां बाहर निकलीं; दो आरोपी गिरफ्तार…
भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र के लक्ष्मी मार्केट स्थित हनुमान मंदिर के पास बीती रात चखना खाने-पीने को लेकर तीन युवकों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दो युवकों ने अपने साथ बैठे हिमांशु नेवारे पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार से हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी आंतड़ियां बाहर निकल आईं। अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।
सुपेला थाना प्रभारी एस.एन. सिंह के अनुसार, विवाद समोसा ठंडा आने और एक युवती की बहन पर कथित कमेंट को लेकर शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया। हमले में आदर्श नगर निवासी हिमांशु नेवारे गंभीर रूप से घायल हुआ। वह पुताई का काम करता है।
पुलिस के मुताबिक, हिमांशु पर योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छू और मनीष नोनहारे उर्फ पिला ने चाकू से हमला किया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि हिमांशु खून से लथपथ हालत में अकेला पड़ा था और मदद के लिए आवाज लगा रहा था। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे एम्स रायपुर रेफर किया गया।
सूत्रों के अनुसार, घायल हिमांशु को अब तक करीब 12 बोतल खून चढ़ाया जा चुका है। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में हत्या के प्रयास 109 सहित संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट 34 (3)(5)के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
चंद मिनटों में आरोपियों तक पहुंची पुलिस
सुपेला थाना प्रभारी एस.एन. सिंह के नेतृत्व में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चाकूबाजी की घटना के कुछ ही समय बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और बदमाशों के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच इस गिरफ्तारी को पुलिस की सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है।