शिवनाथ का जल लेकर देवबलोदा जाएंगे देवेंद्र यादव, सौरभ मिश्रा ने सौंपी कांवड़…
भिलाई नगर विधानसभा के विधायक देवेंद्र यादव की वर्षों पुरानी कांवड़ यात्रा इस वर्ष भी जारी रहेगी। यात्रा से पहले ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-3 के अध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने विधायक देवेंद्र यादव को कांवड़ भेंट की।
देवेंद्र यादव 24 अगस्त को शिवनाथ नदी से जल लेकर चरोदा-देवबलोदा स्थित प्राचीन शिव मंदिर तक पैदल कांवड़ यात्रा करेंगे। देवबलोदा पहुंचकर वे भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
पिछले कई वर्षों से सावन के अवसर पर आयोजित होने वाली इस यात्रा के दौरान विधायक देवेंद्र यादव भिलाईवासियों और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के लिए भगवान शिव से प्रार्थना करते हैं।
कांवड़ भेंट के अवसर पर विधायक देवेंद्र यादव ने भिलाईवासियों से यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने लोगों से इस धार्मिक यात्रा में सहभागी बनकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेने का आग्रह किया।
इस दौरान ख्वाजा अहमद, आकाश यादव, अभिषेक अवस्थी सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
