सिक्ख यूथ फोरम भिलाई की वार्षिक सामान्य सभा संपन्न: युवाओं को धर्म और सेवा से जोड़ने का संकल्प…
भिलाई। सिक्ख यूथ फोरम, भिलाई की वार्षिक सामान्य सभा (AGM) रविवार को सुपेला स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंघ जी में गरिमामयी माहौल में संपन्न हुई। बैठक में संस्था के सेवा कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही आगामी वर्ष के लिए धार्मिक व सामाजिक गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई कार्यक्रम की शुरुआत मूलमंत्र और अरदास के साथ हुई।
सभा की शुरुआत में सिक्ख यूथ फोरम के अध्यक्ष सुच्चा सिंघ ने अपने स्वागत भाषण के दौरान कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, संरक्षकों और समाज प्रमुखों का सहृदय आभार व्यक्त किया। उन्होंने फोरम की एकजुटता और सेवा भाव की सराहना करते हुए सभी का स्वागत किया सभा में मुख्य अतिथि और मार्गदर्शक के रूप में संस्था के संरक्षक स. जसबीर सिंघ चहल विशेष रूप से उपस्थित थे। अपने संबोधन के दौरान संरक्षक स. जसबीर सिंह चहल ने सिक्ख यूथ फोरम के कार्यों की खुलकर प्रशंसा की और भरोसा दिलाते हुए कहा कि फोरम को भविष्य में हर क्षेत्र में उनका पूर्ण सहयोग और समर्थन मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि युवा समाज का भविष्य हैं और उन्हें सिख इतिहास, संस्कृति तथा सेवा भाव से जोड़ना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। बैठक में सिक्ख यूथ फोरम के महासचिव जसवन्त सिंघ खालसा ने संस्था का वार्षिक प्रतिवेदन (सालाना रिपोर्ट) प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष में फोरम द्वारा बच्चों के लिए दस्तार (पगड़ी) प्रशिक्षण शिविर, गुरबाणी कंठ प्रतियोगिता, रक्तदान शिविर और जरूरतमंद परिवारों की सहायता जैसे अनेक परोपकारी कार्य किए गए हैं। इसी क्रम में संस्था के कोषाध्यक्ष अमन सिंघ ने ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का पूरा ब्यौरा सभा के सामने रखा।
ऑडिट रिपोर्ट में संस्था के कोष के सदुपयोग और वित्तीय पारदर्शिता की सभी उपस्थित सदस्यों और संरक्षकों ने सराहना की। महासचिव जसवन्त सिंघ खालसा ने आगामी वर्ष की योजनाओं को साझा करते हुए कहा कि आने वाले समय में युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही सिख युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए करियर काउंसलिंग और डिजिटल माध्यमों से धर्म प्रचार के कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने नि:स्वार्थ भाव से सेवा करने वाले सभी युवा सेवादारों का आभार व्यक्त किया। बैठक में फोरम के आजीवन सदस्य, सुपेला प्रधान पलविंदर सिंंघ, बलविंदर सिंघ, कुलदीप सिंघ, दलबीर कौर, रामदास सिंघ, रंजीत सिंघ बड़ी संख्या में सिख समाज के प्रबुद्ध जन, युवा और सेवादार उपस्थित थे।

