31 IPS अधिकारियों की नई पदस्थापना: प्रदीप गुप्ता और आनंद छाबड़ा को अहम जिम्मेदारी, पुलिस मुख्यालय में बड़ा फेरबदल…
- प्रशांत ठाकुर, राजेश कुकरेजा और एमएल कोटवानी को भी मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां
भिलाई। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 31 अधिकारियों की नई पदस्थापना का आदेश जारी किया है। गृह (पुलिस) विभाग के आदेश के मुताबिक अधिकारियों को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में पुलिस मुख्यालय के साथ-साथ नक्सल ऑपरेशन, प्रशासन एवं चयन, तकनीकी सेवाएं, कानून-व्यवस्था, वित्त-योजना एवं प्रबंधन, सीआईडी और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल सहित विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं में जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
नई पदस्थापनाओं में प्रदीप गुप्ता को पुलिस मुख्यालय में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, प्रशासन एवं चयन बनाया गया है। उन्हें वर्तमान दायित्वों के साथ संचालक अभियोजन का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
वहीं डॉ. आनंद छाबड़ा को वर्तमान कार्य के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, तकनीकी सेवाएं, डायल-112 एवं दूरसंचार की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध संचालक पवन देव को नगर सेना, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाओं का महानिदेशक बनाया गया है। एसआरपी कल्लूरी को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है।
प्रशांत ठाकुर, राजेश कुकरेजा और एमएल कोटवानी को अहम जिम्मेदारी
फेरबदल के तहत प्रशांत कुमार ठाकुर को सीसीटीएनएस एवं एससीआरबी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं राजेश कुकरेजा को वित्त, योजना एवं प्रबंधन से संबंधित जिम्मेदारी दी गई है।
एमएल कोटवानी को गुप्तवार्ता में उप पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है। इन नियुक्तियों के साथ पुलिस मुख्यालय की विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं में अधिकारियों की जिम्मेदारियों का पुनर्गठन किया गया है।
विवेकानंद को वित्त, योजना एवं प्रबंधन का अतिरिक्त प्रभार
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नक्सल ऑपरेशन, एसआईबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल और एसटीएफ की जिम्मेदारी संभाल रहे विवेकानंद को वर्तमान कार्य के साथ पुलिस मुख्यालय में वित्त, योजना एवं प्रबंधन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
दीपांशु काबरा को वर्तमान दायित्वों के साथ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल एवं यातायात की जिम्मेदारी मिली है। अमित कुमार को वर्तमान कार्य के साथ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।
ओमप्रकाश पाल को नक्सल ऑपरेशन और एसआईबी से हटाकर पुलिस मुख्यालय में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। वहीं अंकित कुमार गर्ग को वर्तमान कार्य के साथ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं एसआईबी के पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
सीआईडी और सशस्त्र बल में भी बदलाव
ध्रुव गुप्ता को सीआईडी, सीसीटीएनएस और एससीआरबी का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। बालाजी राव सोमवार को अजाक, जबकि प्रशांत कुमार अग्रवाल को एस-4सी एवं तकनीकी सेवाओं की जिम्मेदारी दी गई है।
मिलना कुर्रे को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी मिली है। वहीं पारुल माथुर को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, मनीष शर्मा को प्रशासन एवं चयन तथा अभिषेक मीणा को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल बस्तर में उप पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।
सदानंद कुमार को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल पुलिस मुख्यालय, गिरिजा शंकर जायसवाल को एस-4सी एवं तकनीकी सेवाएं और प्रशांत कुमार ठाकुर को सीसीटीएनएस एवं एससीआरबी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुरक्षा, तकनीकी सेवाओं और डायल-112 में भी नई जिम्मेदारियां
अजातशत्रु बहादुर सिंह को नगर सेना, राज्य आपदा प्रबंधन बल एवं अग्निशमन सेवाओं का उप पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। विवेक शुक्ला को सुरक्षा, श्वेता राजमणी को दूरसंचार एवं डायल-112 में उप पुलिस महानिरीक्षक पदस्थ किया गया है।
रामकृष्ण साहू को सीआईडी में उप पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
18वीं बटालियन की कमान चिराग जैन को
आदेश के अनुसार मोहित गर्ग को प्रशासन एवं चयन और रवि कुमार कुर्रे को सीआईडी में सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। यदुवल्ली अक्षय कुमार को सीसीटीएनएस में सहायक पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास संयुक्त परिवहन आयुक्त-सड़क सुरक्षा और सहायक पुलिस महानिरीक्षक का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
चिराग जैन को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी स्थित 18वीं बटालियन का सेनानी बनाया गया है। वहीं अंजली विश्वकर्मा को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक यातायात पदस्थ किया गया है।
सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल से पुलिस मुख्यालय सहित विभिन्न पुलिस इकाइयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में व्यापक बदलाव हुआ है। नई पदस्थापनाओं के बाद संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभागों में कार्यभार संभालेंगे।

