शिक्षक भर्ती में विसंगतियों और युवाओं के साथ हो रहे अन्याय को लेकर आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन…
- TET और B.Ed./D.El.Ed. परीक्षाओं में तालमेल के अभाव से हजारों अभ्यर्थी भर्ती से हो रहे वंचित
- प्रदेश के स्कूलों में रिक्त पड़े पदों पर अविलंब नियमित शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी करे सरकार: ‘आप’
- CTET अभ्यर्थियों को पूर्व भर्ती (2019 व 2023) की तर्ज पर वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का मिले अवसर
दुर्ग/रायपुर:
आम आदमी पार्टी (AAP) ने छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया एवं प्रशिक्षण मॉड्यूल में व्याप्त विसंगतियों और प्रदेश के लाखों प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को लेकर मोर्चा खोल दिया है। इस संदर्भ में आम आदमी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नाम जिलाधीश (कलेक्टर) के माध्यम से एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए त्वरित निराकरण की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव देविंदर सिंह भाटिया ने कहा कि “प्रदेश के हजारों प्रशिक्षित युवा लंबे समय से शासन की विसंगतिपूर्ण नीतियों और शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में हो रही लेत-लतीफी के कारण भारी मानसिक तनाव और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहे हैं। बिना ठोस योजना के लिए जा रहे फैसलों और युवाओं की लगातार अनदेखी के कारण प्रदेश के शिक्षित बेरोजगारों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सरकार को युवाओं के सब्र का इम्तिहान लेना बंद कर तत्काल शिक्षक भर्ती का स्पष्ट वार्षिक कैलेंडर जारी करना चाहिए। शिक्षक भर्ती में व्याप्त विसंगतियों को तत्काल दूर किया जाए और इसके साथ ही विज्ञान एवं गणित संकाय में व्याख्याता व शिक्षक के पदों को भी प्रमुखता से शामिल कर भर्ती निकाली जाए। चुनाव आयोग को ऐसी पार्टियों पर सख्त कार्यवाही करनी चाहिए जो प्रधानमंत्री के नाम से गारंटी पत्र वितरण करके गारंटी के नाम पर वोट मांगते हैं। 57 हजार शिक्षक भर्ती के वादे वाली ‘मोदी की गारंटी’ पूरी तरह फेल साबित हो रही है।हाल ही में शिक्षित वर्गों ने भाजपा सरकार के शिक्षा मंत्री से इस विषय पर चर्चा और पक्ष जानना चाहा , पर शिक्षा मंत्री ने युवाओं को समय ही नहीं दिया , आप नेता देविंदर भाटिया का कहना है कि शिक्षा मंत्री का यह छत्तीसगढ़ के युवाओं के प्रति कठोर व्यवहार यह दर्शाता है कि सरकार के पास कोई ठोस शिक्षा और रोजगार नीति नहीं है, जबकि प्रदेश में कई। स्कूलों में शिक्षक का अभाव है । छत्तीसगढ़ के युवाओं से वादाखिलाफी करके अपनी सत्ता बनाई गई, लेकिन 3 सालों में अब तक शून्य शिक्षकों की भर्ती की गई है।”
लोकसभा महासचिव ज्ञान प्रकाश तिवारी ने कहा कि “TET और B.Ed./D.El.Ed. परीक्षाओं के आयोजनों व परिणामों के बीच कोई समयबद्ध समन्वय नहीं है। इसके चलते अंतिम वर्ष/सेमेस्टर के हजारों पात्र अभ्यर्थी समय पर परिणाम न आने की वजह से मुख्य शिक्षक भर्ती प्रक्रिया से वंचित रह जाते हैं। हमारी मांग है कि जब तक परिणाम प्रक्रियाधीन हों, अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में औपबंधिक (Provisional) रूप से शामिल होने का न्यायसंगत अवसर दिया जाए। साथ ही, आगामी शिक्षक भर्ती में सीटेट (CTET) सितंबर 2026 के अभ्यर्थियों को भी वर्ष 2019 और 2023 की भर्ती की तर्ज पर उनके एप्लीकेशन नंबर के आधार पर बैठने की अनुमति दी जाए।”
जिला अध्यक्ष रवि साहू ने कहा कि “आज प्रदेश के प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के हजारों पद खाली पड़े हैं, जिसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों की स्कूली शिक्षा व्यवस्था पर पड़ रहा है। पद रिक्त होने के बावजूद सरकार नियमित शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी करने में शिथिलता बरत रही है। सरकार प्रदेश के सभी शासकीय स्कूलों में रिक्त पदों की सटीक गणना कर सभी संकायों सहित विज्ञान एवं गणित विषय के पदों पर अविलंब भर्ती प्रक्रिया शुरू करे।”
ब्लॉक अध्यक्ष पुरुषोतम सिंह राजपूत ने बताया कि “शिक्षक प्रशिक्षण मॉड्यूल और भर्ती पात्रता नियमों में बार-बार अपारदर्शी बदलाव किए जाने से अभ्यर्थियों के बीच असमंजस और भ्रम का माहौल बनता है। सरकार को इन नियमों को पारदर्शी बनाना चाहिए ताकि किसी भी योग्य युवा के साथ अन्याय न हो। यदि शासन-प्रशासन ने इन जायज मांगों पर शीघ्र संज्ञान नहीं लिया और विसंगतियों को दूर नहीं किया, तो आम आदमी पार्टी युवाओं के हक की लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी।”
‘आप’ द्वारा ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें:
* समन्वित परीक्षा कैलेंडर: B.Ed./D.El.Ed. परिणामों और TET परीक्षा के बीच उचित तालमेल स्थापित कर शिक्षक भर्ती का स्पष्ट वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए।
* तत्काल शिक्षक भर्ती का विज्ञापन: प्रदेश के सभी शासकीय स्कूलों में रिक्त पड़े शिक्षक पदों (विशेषकर विज्ञान और गणित सहित सभी संकायों में व्याख्याता व शिक्षक) पर अविलंब भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए।
* अंतिम वर्ष के छात्रों को अवसर: डिग्री/परीक्षा परिणाम प्रक्रियाधीन होने पर अभ्यर्थियों को भर्ती में औपबंधिक रूप से सम्मिलित होने का अवसर मिले।
* CTET अभ्यर्थियों को पात्रता: शिक्षक भर्ती 2026 में CTET सितंबर ’26 के अभ्यर्थियों को पूर्ववर्ती भर्तियों (2019 व 2023) की तर्ज पर एप्लीकेशन नंबर के आधार पर आवेदन का अवसर दिया जाए।
