‘नराकास’ के तत्वावधान में यूको बैंक द्वारा ‘नराकास स्तरीय तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता’ संपन्न…
‘नगर राजभाषा कार्यालय समिति, भिलाई-दुर्ग’ (नराकास) के तत्वावधान में यूको बैंक, सेक्टर-1, भिलाई द्वारा दिनांक 24 अगस्त 2026 को भिलाई इस्पात संयंत्र, मानव संसाधन विकास केन्द्र के प्रथम तल सभागार में नराकास स्तरीय ‘तात्कालिक भाषण’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर आयोजक संस्थान प्रमुख एवं मुख्य प्रबंधक (यूको बैंक, सेक्टर-1, भिलाई) श्री सुभाष कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा), अंचल कार्यालय, यूको बैंक, श्री अमित सरवर व निर्णायकगण में महाप्रबंधक (निरीक्षण), राइट्स लिमिटेड, श्री राजीव कुमार आहूजा महाप्रबंधक (सेल-सीईटी), सुश्री पारमिता महान्ति तथा उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन–राजभाषा), भिलाई इस्पात संयंत्र, श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आरंभ में सर्वप्रथम संस्थान प्रमुख श्री सुभाष कुमार ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए आयोजन के लिए नराकास, भिलाई-दुर्ग की प्रेरणा व प्रोत्साहन को विशेष रूप से श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि यूको बैंक द्वारा नराकास स्तरीय आयोजनों का क्रम आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग की राजभाषा नीति के अनुसार ‘नराकास, भिलाई-दुर्ग’ के सदस्य संस्थानों द्वारा हिंदी के प्रगामी प्रयोग को प्रोत्साहन तथा कार्यालयीन कार्यों में 100 प्रतिशत हिंदी का प्रयोग सुनिश्चित करने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हिंदी भाषा में विभिन्न प्रतियोगिताओं, गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, यह प्रतियोगिता इसी क्रम में आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता में दुर्ग-भिलाई स्थित ‘नगर राजभाषा का कार्यान्वयन समिति के विभिन्न सदस्य संस्थानों के प्रतिभागियों ने अपनी वाक् कला, ज्ञान तथा हिंदी में दक्षता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में निर्णायकगण के स्वागत के उपरांत सर्वप्रथम प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी दी गई। तत्पश्चात प्रतिभागियों के क्रम निर्धारण के लिए लॉटरी निकाली गई। तदुपरांत प्रतियोगियों ने क्रमवार पर्ची निकालकर प्राप्त विषयों पर अपना भाषण प्रस्तुत किया।
प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर निर्णायकगण द्वारा मूल्यांकन किया गया, जिसके पश्चात परिणाम घोषित किए गए। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार प्रशासनिक अधिकारी, न्यू इण्डिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, श्री अजिताभ कुमार ने प्राप्त किया। द्वितीय पुरस्कार पैकर, भारतीय डाक विभाग, श्री सौरभ मिश्रा को तथा तृतीय पुरस्कार स्टाफ नर्स, जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र, भिलाई इस्पात संयंत्र, सुश्री ऊषा साहू को प्रदान किया गया।
प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त करने वालों में वरिष्ठ मानचित्रकार, भिलाई इस्पात संयंत्र, श्री के. सुरेश; जूनियर इंजीनियरिंग एसोसिएट, ब्लास्ट फर्नेस, भिलाई इस्पात संयंत्र, श्री किशोर कुमार साव; जूनियर इंजीनियरिंग एसोसिएट, एसपी-3, भिलाई इस्पात संयंत्र, श्री मनीष; उच्च श्रेणी सहायक, भारतीय जीवन बीमा निगम, श्री शैलेश बोरकर; तथा स्टाफ नर्स, जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र, भिलाई इस्पात संयंत्र, सुश्री शीलमणि ईवा बखला शामिल रहे।
प्रतियोगिता के विषय में निर्णायकगण ने अपनी अभ्युक्ति प्रस्तुत करते हुए प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बहुमूल्य सुझाव दिए। श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने कहा कि, ऐसी प्रतियोगिताओं में जहाँ समय सीमित एवं पूर्वनिर्धारित होता है, किसी भी विषय के संबंध में कम से कम शब्दों में आधिकाधिक तर्क रखे जाने चाहिए तथा अतिरंजना और विस्तृत वर्णन से बचना चाहिए। कविताओं आदि का प्रयोग अनावश्यक रूप से नहीं किया जाना चाहिए, उदाहरणों, संस्मरणों, उद्धरणों आदि की अधिकता ना होकर केवल आवश्यकतानुसार व न्यूनतम उपयोग किया जाना चाहिए। शब्दावली प्रभावी हो तथा भाषा संबंधी त्रुटियाँ ना हों, तभी श्रेष्ठ परिणाम मिलने की संभावना होती है।
सुश्री पारमिता महान्ति ने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर प्रस्तुति दी, किंतु पुरस्कारों की संख्या सीमित होने के कारण बहुत कम अंकों के अंतर से कई प्रतिभागी पुरस्कार से चूक जाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि, आगामी प्रतियोगिताओं में ऐसे प्रतिभागी भी अवश्य ही विजेता होंगे।
श्री राजीव कुमार आहूजा ने कहा कि सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुति अत्यंत उत्कृष्ट एवं प्रशंसनीय रही, किंतु श्रेष्ठतम प्रतिभागियों को ही सर्वोच्च अंक प्रदान किया जाना संभव होता है। इससे ऐसे प्रतिभागी निराश ना हों, जिनका नाम पुरस्कार सूची में ना आया हो। मात्र कुछ अंकों से पुरस्कार चूक जाने से किसी भी प्रतिभागी की प्रतिभा को कम नहीं कहा जा सकता है। अतः ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने का क्रम का अनवरत रूप से जारी रखें तो एक दिन वे अवश्य ही विजेता बनकर उभरेंगे। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा), अंचल कार्यालय, यूको बैंक, श्री अमित सरवर ने किया।
प्रातियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र सहित केनरा बैंक, डाक विभाग, भारतीय जीवन बीमा निगम, दि न्यू इण्डिया एश्योरेंस, एच.एस.सी.एल. एवं सशस्त्र सीमा बल सहित नराकास, भिलाई-दुर्ग के विभिन्न सदस्य संस्थानों के कार्मिकों ने भाग लिया।
———०००००००००———
