सैनिकों को भेजीं एक हजार छत्तीसगढ़ी पारंपरिक राखियां, पुलिस व स्वास्थ्यकर्मियों को बांधा रक्षासूत्र…
राधेश्याम सोनवानी गरियाबंद :– शासकीय रामबिशाल पाण्डेय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सेजेस में रक्षाबंधन के अवसर पर मिशन लाइफ इको क्लब एवं साइंस क्लब के तत्वावधान में देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपरा को समर्पित प्रेरणादायी आयोजन किया गया। विद्यालय की व्याख्याता एवं क्लब प्रभारी समीक्षा गायकवाड़ के मार्गदर्शन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं क्लब सदस्यों ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला-संस्कृति की झलक समेटे एक हजार हस्तनिर्मित इको-फ्रेंडली राखियां तैयार कर देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक भाइयों को भेजीं।
साथ ही थाना और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जाकर रक्षासूत्र बांधे और सेवा सुरक्षा के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर इको क्लब अध्यक्ष मोनिका देवांगन ने बताया कि विद्यार्थियों द्वारा तैयार राखियों की खासियत उनमें दिखाई देने वाली छत्तीसगढ़ की पारंपरिक विरासत और स्थानीय कला की झलक रही। राखियों में धान एवं प्राकृतिक सामग्री का प्रयोग करते हुए बस्तर कला से प्रेरित आकर्षक डिजाइन तैयार किए गए। इसके साथ ही ऊन, मोती, बाँस, माचिस की तीलियों तथा अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्री से भी सुंदर राखियां बनाई गईं। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने एक ओर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ की लोककला, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को राखियों के माध्यम से सैनिक भाइयों तक पहुंचाया। साइंस क्लब की अध्यक्ष मोहिनी साहू ने जानकारी दी कि विद्यालय में प्रतिवर्ष छात्र-छात्राओं द्वारा अपने हाथों से एक हजार राखियां तैयार कर सैनिक भाइयों को भेजी जाती हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी विद्यार्थियों ने एक हजार इको-फ्रेंडली एवं छत्तीसगढ़ी पारंपरिक कला की झलक वाली राखियां बनाकर सेना के जवानों को भेजी हैं। सचिव खुशी साहू ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र रोंदिया सहित डॉक्टरों, नर्सों एवं सभी स्वास्थ्य कर्मियों को रक्षा सूत्र बांधा तथा उनका आशीर्वाद लिया। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में उनके महत्वपूर्ण योगदान और समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया। उपाध्यक्ष भारती साहू ने बताया कि विद्यार्थियों ने पुलिस थाना पहुंचकर सभी पुलिस कर्मियों को रक्षा सूत्र बांधा और समाज की सुरक्षा में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस कर्मियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए साइबर सुरक्षा सहित आवश्यक सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान कीं। इस आयोजन ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के स्नेह के साथ-साथ देश की रक्षा करने वाले सैनिकों, समाज की सुरक्षा करने वाले पुलिस कर्मियों और जनसेवा में जुटे स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम बनाया। साथ ही विद्यार्थियों ने पर्यावरण अनुकूल राखियों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण और छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला-संस्कृति को सहेजने का संदेश दिया। आयोजन में प्रमुख रूप से मोनिका साहू, लक्ष्मी वर्मा, ईशा यादव, खुशाल गुप्ता, कीर्ति वर्मा, जान्हवी साहू, यामिनी भूमिका सहित समस्त मिशन लाइफ इको क्लब, साइंस क्लब एवं विद्यालय के छात्र-छात्राओं का उत्कृष्ट योगदान रहा।

