September 3, 2026

यूथ हॉस्टल्स दुर्ग भिलाई इकाई का एक दिवसीय मानसून एडवेंचर ट्रैकिंग सम्पन्न…

IMG-20260902-WA0003
  • अंचल के दसवीं बारहवीं शताब्दी के पुरातात्त्विक स्थलों पर केन्द्रित रहा आयोजन

दुर्ग भिलाई । यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इण्डिया दुर्ग भिलाई इकाई द्वारा पुरातात्त्विक स्थलों पर केन्द्रित एक दिवसीय मानसून एडवेंचर ट्रैकिंग का आयोजन किया गया जिसमें प्रतिभागियों ने दसवीं बारहवीं शताब्दी की ऐतिहासिक पुरातात्त्विक धरोहरों का अवलोकन किया । यूथ हॉस्टल्स के सदस्यों ने जिला मुख्यालय दुर्ग से लगभग 60 – 70 किमी की दूरी पर स्थित पाँच ऐतिहासिक स्थलों का निरीक्षण किया ।

 

विस्तृत जानकारी देते हुए संस्था के दुर्ग भिलाई इकाई के प्रेसिडेंट ऋषिकान्त तिवारी ने बताया कि प्रतिभागियों ने इस दरम्यान सीता मन्दिर देवरबीजा , घुघुस राजा मन्दिर देवकर , शिव हनुमान मन्दिर सहसपुर , देऊर मन्दिर गण्डई और घटियारी शिव मन्दिर बिरखा गण्डई का अवलोकन निरीक्षण किया । अंचल में समृद्ध पुरातात्त्विक धरोहरों और उसमें कलात्मक ढंग से उत्कीर्ण जीवन के विविध प्रसंगों को देखकर प्रतिभागी मंत्रमुग्ध हो गये ।

 

संस्था के चेयरमेन के. सुब्रमण्यम और कोषाध्यक्ष हेमलाल देवाँगन ने बताया कि प्रतिभागीगण सीता मन्दिर सरोवर देवरबीजा में प्रवासी पक्षियों और उनके प्राकृतिक आवास भी देखे । प्रवासी पक्षियों की गतिविधियों को देखकर सभी अत्यन्त रोमांचित हुए । अवलोकन निरीक्षण के क्रम में सदस्यों ने देवकर में प्राचीन राम मन्दिर का भी दर्शनलाभ लिया । राम मन्दिर परिसर में ओम सांई संस्कृत विद्यालय में संस्कृत सप्ताह के अन्तर्गत आयोजित कार्यक्रम में भी सभी ने हिस्सा लिया ।

 

इकाई सचिव सुबोध देवाँगन के अनुसार इस ट्रैकिंग में कुल 31 स्त्री पुरुष प्रतिभागियों ने भाग लिया । अधिकतर मन्दिरों में शिवलिंग स्थापित इन पुरातात्त्विक स्थलों की दीवारों पर पत्थरों से सुन्दर नक्काशी की गयी है । युद्ध का वीरतापूर्ण चित्रण , स्त्री पुरुष की सहज कलात्मक अभिव्यक्ति और विभिन्न आसनों में मिथुन मूर्तियों का सूक्ष्म उत्कीर्णन इन मन्दिरों की विशेषताएँ हैं । लगभग सभी स्थल पुरातत्त्व विभाग भारत सरकार अथवा छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संरक्षित स्थल घोषित हैं । लाल बलुआ पत्थरों से निर्मित ये ऐतिहासिक धरोहर अंचल का गौरव हैं ।

 

आयोजन को सफल बनाने में अरविन्द ताम्रकार , ओमकुमारी देवाँगन , रूपेश साहू , उषा रानी यादव , प्रसिद्धि यादव , राजेश मराठे , शिल्पा मराठे , कमल साहू , ममता साहू , संजय साहू , सुलेखा साहू , तोरन लाल साहू , तुलसी साहू , लिगेन्द्र वर्मा , अथर्व वर्मा , किशोर छबलानी , राजश्री श्रृंगारपुतले , पल्लवी मेश्राम , मोरध्वज साहू , जन्नत वर्मा , रेणु महन्त , डिम्पी महन्त , संजय द्विवेदी , सुधा द्विवेदी , पवन कुमार द्विवेदी , संजय महाजन , बलबीर कौर की सराहनीय भूमिका रही ।