कुशल प्रशिक्षण और कड़ी मेहनत का फल: राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता के लिए जिले के 5 खिलाड़ियों का हुआ चयनकोच अमन सिंह, सहायक कोच अर्शदीप सिंह व राजदीप सिंह के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने की थी जोरदार तैयारीएसोसिएशन के अध्यक्ष इंदरजीत सिंह छोटू, चेयरमैन जसबीर सिंह चहल व महासचिव जसवन्त सिंह खालसा सहित खेल प्रेमियों ने दीं शुभकामनाएंबलौदाबाजार/कसडोल:बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल में आयोजित होने वाली 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता (2026-27) के लिए जिला गतका टीम की घोषणा कर दी गई है। स्थानीय चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जिले के 5 सर्वश्रेष्ठ गतका खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तर पर लोहा मनवाने के लिए किया गया है। एसोसिएशन के मुख्य कोच अमन सिंह, सहायक कोच अर्शदीप सिंह और राजदीप सिंह के कुशल प्रशिक्षण तथा खिलाड़ियों की महीनों की कड़ी मेहनत की बदौलत इन खिलाड़ियों ने यह मुकाम हासिल किया है।गतका स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के महासचिव जसवन्त सिंह सिंघ खालसा ने चयनित टीम की जानकारी देते हुए बताया कि अंडर-19 बालिका वर्ग में डिंपल कौर और कुलजीत कौर जिले की चुनौती पेश करेंगी। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में यशिता चतुर्वेदी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। इसके अलावा अंडर-17 बालक वर्ग में अमर सिंह और प्रियांशु सिंह का चयन हुआ है, जो अपने पारंपरिक दांव-पेच और ‘फारी-सोटी’ कौशल से जिले को पदक दिलाने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।कोचेस की देखरेख में निखरी खिलाड़ियों की तकनीक:एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्य कोच अमन सिंह, सहायक कोच अर्शदीप सिंह और राजदीप सिंह ने खिलाड़ियों की खेल तकनीक, फुर्ती और पारंपरिक दांव-पेचों को निखारने के लिए विशेष कैंप के माध्यम से कड़ी मेहनत कराई थी। कोचेस के इसी बेहतरीन मार्गदर्शन और खिलाड़ियों के कड़े अभ्यास की बदौलत आज इन 5 खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय टीम में अपनी जगह पक्की की है। 7 सितंबर को खेल नगरी कसडोल में होगा आगमन:प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए छत्तीसगढ़ के सभी 5 संभागों की टीमें 7 सितंबर को खेल स्थल कसडोल पहुंचेंगी। आयोजन समिति और जिला प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रतियोगिता का मुख्य मुकाबला 8 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक चलेगा, जिसमें प्रदेशभर से आए लगभग 520 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सिख समाज ने जताया हर्ष, दीं शुभकामनाएं:खिलाड़ियों के इस शानदार चयन पर गतका स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष इंदरजीत सिंह छोटू, मलकीत सिंह लल्लू, छत्तीसगढ़ सिक्ख पंचायत के चेयरमैन जसबीर सिंह चहल, पलविंदर सिंह, गुरनाम सिंह, रंजीत सिंह, पृथ्वीपाल सिंह, राजवीर सिंह और क्षेत्र के सभी गतका प्रेमियों ने गहरा हर्ष व्यक्त किया है। सभी पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर जिले व प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी हैं।



