राधेश्याम सोनवानी, गरियाबंद :– गरियाबंद जिला वॉलीबॉल फेडरेशन के पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ वॉलीबॉल संघ के सचिव हेम प्रकाश नायक, उपाध्यक्ष अकरम ख़ान और को-सह सचिव नितिन पांडे से सौजन्य भेंट की। इस दौरान गरियाबंद जिला वॉलीबॉल फेडरेशन के विस्तार, नई बॉडी के गठन और जिले में वॉलीबॉल की गतिविधियों को और व्यापक स्तर पर ले जाने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
बैठक में गरियाबंद में ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट आयोजित करने की योजना सहित खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने, नियमित प्रतियोगिताओं के आयोजन और जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
शहीद विनोद चौबे सम्मान से सम्मानित मोहम्मद अकरम खान का किया सम्मान
राज्य अलंकरण समारोह 2026 में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव मोहम्मद अकरम खान को शहीद विनोद चौबे सम्मान से सम्मानित किए जाने पर गरियाबंद जिला वॉलीबॉल फेडरेशन के पदाधिकारियों ने उनके निवास पहुंचकर पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया। पदाधिकारियों ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और खेल के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
गांवों से निकलकर नेशनल स्तर तक पहुंच रही प्रतिभाएं : हेम प्रकाश नायक
छत्तीसगढ़ वॉलीबॉल संघ के सचिव हेम प्रकाश नायक ने कहा कि गरियाबंद जैसे जिले और छोटे-छोटे गांवों से खिलाड़ियों का निकलकर नेशनल स्तर तक पहुंचना बेहद खुशी और गर्व की बात है। यह बताता है कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ इन प्रतिभाओं को सही मंच, प्रशिक्षण और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है।
उन्होंने कहा कि गरियाबंद जिला वॉलीबॉल फेडरेशन द्वारा लगातार टूर्नामेंट और खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाना सराहनीय है। जिला स्तर पर बड़े आयोजन होने से खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। यदि गरियाबंद में लगातार बड़े टूर्नामेंट आयोजित होते रहें तो जिले और आसपास के क्षेत्रों से निश्चित रूप से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आएंगे।
ऑल इंडिया टूर्नामेंट से गरियाबंद को मिलेगी नई पहचान : अकरम ख़ान
छत्तीसगढ़ वॉलीबॉल संघ के उपाध्यक्ष अकरम ख़ान ने कहा कि आज खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के लिए बेहतर करियर का महत्वपूर्ण जरिया भी बन चुका है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के खिलाड़ी अपनी पहचान बना रहे हैं। ऐसे में गांव और जिला स्तर से ही खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का माहौल उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने गरियाबंद जिला वॉलीबॉल फेडरेशन के पदाधिकारियों को आगामी बड़े आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट जैसे आयोजन से गरियाबंद को खेल के नक्शे पर नई पहचान मिलेगी। स्थानीय खिलाड़ियों को देशभर से आने वाले खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा। खेल संगठनों, खिलाड़ियों और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही प्रदेश में वॉलीबॉल को नई ऊंचाई दी जा सकती है।
बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ वॉलीबॉल संघ के सह सचिव नितिन पांडे सहित गरियाबंद जिला वॉलीबॉल फेडरेशन के पदाधिकारियों ने भी जिले में वॉलीबॉल के विस्तार और आगामी आयोजनों को लेकर अपने सुझाव रखे।
इस अवसर पर गरियाबंद जिला वॉलीबॉल फेडरेशन के जीडी उपासने, हरमेश चावड़ा, विजय सिन्हा, प्रकाश सरवैया, छगन यादव, इमरान मेमन, प्रकाश सोनी, ललित साहू, नमन सेन, नरेद्र साहू, मलय निर्मलकर, संतोष यादव, प्रहलाद यादव, गौतम गुप्ता, कन्हैया कश्यप, मोनू सिन्हा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



