- नागरिक सहभागिता के साथ नगर में होंगी विभिन्न जनसेवा एवं स्वच्छता गतिविधियां
भिलाईनगर । राज्य शासन के निर्देशानुसार नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य नगरीय निकाय से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन करते हुए अधिकतम नागरिक सहभागिता सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान आयोजित प्रत्येक गतिविधि का फोटो एवं वीडियो सहित समुचित दस्तावेजीकरण एवं रिपोर्टिंग भी की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर की संध्या प्रत्येक परिवार स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
इसी क्रम में “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” के अंतर्गत विद्यालय स्तर पर ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। संबंधित विद्यालयों से समन्वय कर प्रतियोगिता के लिए आवश्यक स्थान, साफ-सफाई एवं मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
“नमो सेवा गाथा” के अंतर्गत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
“आंगन का उत्सव” के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, मूलभूत व्यवस्थाओं तथा माताओं, हितग्राहियों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अभियान के दौरान निगम की योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की “कहानी बदलाव की” के रूप में सफलता की वास्तविक कहानियां संकलित की जाएंगी। साथ ही “विकसित भारत संकल्प यात्रा” के अंतर्गत बस्तर सहित परिवर्तनकारी स्थलों/दिवसीय यात्राओं का आयोजन तथा 7 अक्टूबर को “सेवा ज्योति यात्रा” का आयोजन किया जाएगा।
“जल जन सेवा संकल्प” के अंतर्गत तालाब, कुएं, जलस्रोत एवं सार्वजनिक जल परिसरों की स्वच्छता एवं सुधार, जल संरक्षण संबंधी जनजागरूकता तथा विद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं स्थानीय संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। वहीं “सेवा—मेरा योगदान” के अंतर्गत 25 सेवा गतिविधियों, नदी घाट स्वच्छता, सार्वजनिक स्थलों एवं उद्यानों की स्वच्छता-सौंदर्यीकरण तथा पौधारोपण जैसे कार्य किए जाएंगे।
अभियान के तहत “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” के माध्यम से शिविरों में नागरिक सेवाओं के काउंटर/हेल्प डेस्क, आवेदन एवं शिकायत पंजीयन, मौके पर निराकरण तथा लंबित प्रकरणों का फॉलोअप किया जाएगा। इसके साथ ही रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल अभियान एवं राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के माध्यम से स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जल प्रबंधन, डिजिटल सेवाओं, यातायात एवं शहरी पर्यावरण से जुड़े नवाचारों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
अभियान के समापन अवसर पर 17 अक्टूबर 2026 को “जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी तथा निगम के उत्कृष्ट कार्यों एवं जनसेवा की उपलब्धियों की जानकारी साझा की जाएगी।
नगर पालिक निगम भिलाई ने नागरिकों से अपील की है कि वे “सेवा संकल्प अभियान” से जुड़कर जनसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नगर विकास से संबंधित गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाएं और अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।



