Home दुर्ग डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय भिलाई-3 के गृह विभाग में एगलेस...

डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय भिलाई-3 के गृह विभाग में एगलेस बेकिंग क्लास का आयोजन…

7
0

डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई-3 में विद्यार्थियों के कौशल विकास, रचनात्मक क्षमता एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “Eggless Baking Class (Cake)” का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को पारंपरिक शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 22 सितंबर से 29 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. आश्विनी महाजन ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए केवल शैक्षणिक ज्ञान प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके व्यक्तित्व के समग्र विकास के लिए व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल का होना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बेकिंग जैसे प्रशिक्षण विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं कार्यकुशलता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक हो सकते हैं। ऐसे प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थी अपनी रुचि और प्रतिभा को व्यवसाय के रूप में विकसित कर भविष्य में स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। इस कार्यक्रम की संयोजक डॉ. अल्पना देशपांडे, सहायक प्राध्यापक (गृह विज्ञान) ने प्रशिक्षण के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केक बनाने की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि बेकिंग केवल भोजन तैयार करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसमें रचनात्मकता, समय-प्रबंधन, प्रस्तुतीकरण, सजावट और व्यावसायिक कौशल का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को इन सभी पहलुओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा प्राप्त कौशल का भविष्य में उपयोग करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बिना अंडे के विभिन्न प्रकार के केक तैयार करने की विधि एवं व्यावहारिक तकनीक सिखाई जाएगी। प्रशिक्षण में वेनिला केक, पाइनएप्पल केक, बटरस्कॉच केक, फ्रूट केक, ब्लैक फॉरेस्ट केक, व्हाइट फॉरेस्ट केक, चॉकलेट केक, रेड वेलवेट केक तथा स्ट्रॉबेरी केक जैसे विभिन्न प्रकार के केक बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों को आधुनिक एवं आकर्षक केक डिजाइनिंग की जानकारी देते हुए फोटो केक, कार्टून केक एवं डॉल केक तैयार करने की व्यावहारिक तकनीक भी सिखाई जाएगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में केवल केक बनाने पर ही ध्यान केंद्रित नहीं किया जाएगा, बल्कि प्रतिभागियों को केक की सजावट (Decoration), डिजाइनिंग, प्रस्तुतीकरण (Presentation), सामग्री का सही अनुपात, बेकिंग की प्रक्रिया, तापमान का नियंत्रण तथा आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इससे विद्यार्थियों को घरेलू स्तर पर बेकिंग करने के साथ-साथ इसे छोटे व्यवसाय या स्वरोजगार के रूप में अपनाने में भी सहायता मिल सकेगी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए कुमारी मानसी देवांगन, गृह विज्ञान की छात्रा, प्रशिक्षक के रूप में प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगी। वे विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के केक तैयार करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन करते हुए उन्हें स्वयं व्यावहारिक रूप से तैयार करने का अवसर देंगी। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को बेकिंग से जुड़ी छोटी-छोटी तकनीकों एवं आवश्यक व्यावहारिक जानकारी से भी अवगत कराया जाएगा कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का अवसर प्राप्त होगा। विशेष रूप से वे विद्यार्थी जो भविष्य में होम बेकरी, केक डेकोरेशन, बेकिंग व्यवसाय अथवा स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं, उनके लिए यह प्रशिक्षण उपयोगी साबित हो सकता है। प्रशिक्षण से प्राप्त कौशल का उपयोग विद्यार्थी अपने परिवार के लिए तथा व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी कर सकेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर इसमें भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को सहभागिता प्रमाण-पत्र (Participation Certificate) प्रदान किया जाएगा। महाविद्यालय द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों को कौशल विकास के साथ आत्मनिर्भरता एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण पहल है।