- चुनाव आयोग के संयुक्त बयान से कांग्रेस के दावों की खुली पोल, भाजपा ने दी जनादेश स्वीकार करने की नसीहत
जांजगीर-चांपा। चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर चल रही सियासी रस्साकशी के बीच भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया है। भाजपा द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मिरी ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर देश भर में भ्रम और अविश्वास फैलाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त सहित तीनों चुनाव आयुक्तों के संयुक्त बयान के बाद विपक्ष द्वारा गढ़े गए आरोपों का सच जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है।
श्रीमती मिरी ने कहा कि कांग्रेस चुनावी पराजय को पचा नहीं पा रही है और अपनी राजनीतिक नाकामियों का ठीकरा लगातार चुनाव आयोग जैसी निष्पक्ष संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ रही है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ लोकतंत्र की नींव संस्थाओं की गरिमा और स्वतंत्रता के सम्मान पर टिकी होती है, किंतु कांग्रेस संकीर्ण राजनीतिक लाभ के लिए इन्हें लगातार कठघरे में खड़ा करने का गैर-जिम्मेदाराना प्रयास कर रही है।
विदेशों में देश की साख पर वार अस्वीकार्य
राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधते हुए श्रीमती मिरी ने कहा कि विदेशी मंचों पर जाकर भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करना बेहद आपत्तिजनक है। राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन देश की वैश्विक साख को नुकसान पहुंचाना किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं ठहराया जा सकता।
ईवीएम से लेकर आयोग तक, बहाने तलाशती है कांग्रेस
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि जब भी जनादेश कांग्रेस के खिलाफ जाता है, वह कभी ईवीएम की प्रामाणिकता पर तो कभी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने लगती है। यह प्रवृत्ति विपक्ष की हताशा और आत्ममंथन से भागने की आदत को दर्शाती है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को सलाह दी कि वह जनता के फैसले का खुले दिल से सम्मान करे और बेबुनियाद बयानों के बजाय तथ्यों के आधार पर राजनीति करे।
प्रेस वार्ता में ये प्रमुख नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा गढ़वाल, जिला महामंत्री श्रीमती नंदिनी राजवाड़े, जिला प्रवक्ता विकास शर्मा और जिला मीडिया प्रभारी राकेश रूपवानी सहित पार्टी के अनेक प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



