- विधायक ब्यास कश्यप की पहल लाई रंग, 16.60 किमी लंबी सड़क का सुधरेगा ढांचा; राहगीरों को मिलेगी खस्ताहाल मार्ग से राहत
जांजगीर। जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित जांजगीर-केरा सड़क के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग के मजबूतीकरण कार्य के लिए 10 करोड़ 4 लाख 51 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है। वर्ष 2025-26 के मुख्य बजट में शामिल इस परियोजना के तहत 16.60 किलोमीटर लंबे हिस्से का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस मंजूरी के बाद क्षेत्रवासियों को जल्द ही सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
गौरतलब है कि जांजगीर-केरा मार्ग क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिहाज से जीवनरेखा माना जाता है। लंबे समय से इस मार्ग पर भारी वाहनों के दबाव और जर्जर स्थिति के चलते राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप ने जनसमस्या को संज्ञान में लेते हुए इसे बजट में शामिल कराने से लेकर प्रशासनिक स्तर पर वित्तीय मंजूरी दिलाने तक लगातार सक्रिय पैरवी की थी।
लोक निर्माण मंत्री का जताया आभार
सड़क के मजबूतीकरण को मंजूरी मिलने पर विधायक ब्यास कश्यप ने उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाना और जनता को बेहतर सड़क नेटवर्क उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जांजगीर-केरा मार्ग का उन्नयन क्षेत्र के समग्र विकास और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में मील का पत्थर साबित होगा।
रोगदा-बिरगहनी मार्ग भी कतार में
विधायक कश्यप ने संकेत दिए कि जांजगीर-केरा मार्ग के बाद अब उनका फोकस रोगदा-बिरगहनी मार्ग के नवीनीकरण पर है। इस सड़क की फाइल भी प्रक्रियाधीन है और शीघ्र ही इसके लिए भी तकनीकी व प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के आसार हैं।
क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल
सड़क स्वीकृति की खबर मिलते ही जांजगीर-चांपा और केरा अंचल के ग्रामीणों, व्यवसायियों और दैनिक यात्रियों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधि के सतत प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सड़क निर्माण पूर्ण होने से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा और जिला मुख्यालय तक की यात्रा समय की बचत के साथ सुगम हो सकेगी।



