Home जांजगीर चांपा 2 अक्टूबर से पहले शराब के तहखाने पर पुलिस का धावा, 184...

2 अक्टूबर से पहले शराब के तहखाने पर पुलिस का धावा, 184 लीटर अवैध शराब जब्त…

8
0
  • शुष्क दिवस पर खपाने की थी तैयारी, अकलतरा पुलिस ने आरोपी को दबोचा; 88 हजार 550 रुपए की शराब बरामद

जांजगीर-चांपा। 2 अक्टूबर के शुष्क दिवस से पहले अवैध शराब के कारोबार की तैयारी का अकलतरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने वार्ड क्रमांक 12 स्थित गुरुघासीदास मोहल्ले में दबिश देकर एक मकान के तहखाने और गुप्त कमरों से देशी-विदेशी शराब व बीयर का बड़ा जखीरा बरामद किया। कार्रवाई में कुल 184 लीटर शराब, जिसकी कीमत करीब 88 हजार 550 रुपए बताई गई है, जब्त की गई। पुलिस ने मामले में टेकूलाल बंजारे (41), निवासी वार्ड क्रमांक 12 अकलतरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 28 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टेकूलाल बंजारे ने 2 अक्टूबर के शुष्क दिवस के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने के लिए बड़ी मात्रा में शराब अपने घर में छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर अकलतरा पुलिस ने घेराबंदी कर मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के भीतर बनाए गए तहखाने और गुप्त कमरों से अलग-अलग ब्रांड की देशी व अंग्रेजी शराब तथा बीयर बरामद हुई।

बरामद शराब में 180 एमएल की देशी प्लेन मंदिरा शोले ब्रांड की 610 नग, रोमियो देशी प्लेन की 128 नग, सुपर-30 देशी प्लेन की 21 नग, शेरा देशी मसाला की 7 नग, सुपर-30 मसाला की 17 नग, जम्मू स्पेशल व्हिस्की की 71 नग, ग्रांड कोलंबिया स्पेशल व्हिस्की की 57 नग, गोवा स्पेशल व्हिस्की की 9 नग, मेकडॉवेल नंबर-1 की 23 नग और सिम्बा एक्स्ट्रा बीयर की 22 नग शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से बरामद शराब को गवाहों के समक्ष जब्त कर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 587/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद उसे 29 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

शुष्क दिवस को लेकर विशेष अभियान

पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन में 2 अक्टूबर के शुष्क दिवस को देखते हुए जिले के थाना और चौकी क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शुष्क दिवस का उल्लंघन कर अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई में एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू, सउनि दाउलाल बरेठ, महिला प्रधान आरक्षक स्वाती गिरोलकर, आरक्षक महेन्द्र राज, शेषनारायण साहू, शैलेन्द्र राठौर, राजेन्द्र कहरा और कृष्णा पटेल का योगदान रहा।