Home दुर्ग नवा प्रदेश सेवा सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का...

नवा प्रदेश सेवा सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का हुआ सम्मान…

9
0

बेमेतरा। शुभकामना होटल, कवर्धा रोड बेमेतरा में “शांति से समृद्धि तक—सेवा ही संकल्प” विषय पर नवा प्रदेश सेवा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल, कैबिनेट मंत्री श्री खुशवंत साहेब, विधायक श्री दीपेश साहू, पूर्व विधायक श्री लाभचंद बाफना, श्री प्रीतपाल बेलचंदन, श्री विजय सिन्हा, पद्मश्री वरिष्ठ पत्रकार श्री आलोक मेहता, नवा प्रदेश के ब्यूरो चीफ श्री रेवाराम निषाद एवं श्री मनोज शुक्ला सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

समारोह में महतारी वंदन योजना, पत्रकारिता, शिक्षा, समाजसेवा तथा कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भरथरी गायन एवं पंडवानी के क्षेत्र में योगदान के लिए अरुणिमा शर्मा, उच्च शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए ओमनी वर्मा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।

इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में अनेक ऐसे लोग हैं, जिन्होंने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर मुकाम हासिल किया है। ऐसे पत्रकारों और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है। छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं आज प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी पहचान बना रही हैं।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ से प्रारंभ होने वाला समाचार पत्र आज दिल्ली तक अपनी पहचान बना रहा है और इसका मुख्यालय कवर्धा में स्थापित किया जा रहा है। “सेवा संकल्प के साथ सेवा का सम्मान” इस आयोजन की विशेषता है।

उन्होंने कहा कि समाचारों में नकारात्मक खबरों को अधिक स्थान मिलने की प्रवृत्ति पर भी विचार करने की आवश्यकता है। समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों और संस्थाओं के कार्यों को भी प्रमुखता से सामने लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जितना समाज में नकारात्मक पक्ष है, उतना ही सकारात्मक पक्ष भी है। समाचार माध्यमों को सकारात्मक कार्यों और उपलब्धियों को भी लोगों तक पहुंचाना चाहिए।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य हो रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों का सम्मान और प्रोत्साहन समाज के लिए प्रेरणादायी है।

समारोह में पत्रकारिता, शिक्षा, समाजसेवा एवं कला के क्षेत्र से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे।