भिलाई। नगर निगम भिलाई में ‘अर्बन एनवायरो वेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड’ के अंतर्गत कार्यरत महिला प्लेसमेंट सफाई कर्मचारी बी. सावित्री के साथ जवाहर मार्केट रेलवे स्टेशन के पास घटित अमानवीय मारपीट की घटना पर ‘नगरीय निकाय जनवादी सफाई कामगार यूनियन’ ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जवाहर मार्केट रेलवे स्टेशन के पास चाय का ठेला लगाने वाले अंकित सोनकर नाम के अपराधी/दोषी व्यक्ति ने महिला कर्मचारी के साथ कचरा उठाने-फेंकने और काम के दबाव से जुड़ी बात को लेकर जोर-जबरदस्ती की। आरोपी ने बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए महिला कामगार के बाल पकड़कर खींचतान की और उन्हें घसीटकर गंभीर शारीरिक चोट पहुँचाई। यूनियन ने इस जघन्य अपराध और असामाजिक हरकत की कड़े शब्दों में निंदा की है।
यूनियन ने पुलिस व निगम प्रशासन से माँग की है कि नामजद आरोपी अंकित सोनकर के खिलाफ तत्काल कड़ी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही यूनियन के पदाधिकारियों ने अर्बन एनवायरो वेस्ट मैनेजमेंट एजेंसी और भिलाई निगम प्रशासन से यह स्पष्ट मांग रखी है कि तड़के (सुबह-सुबह) सार्वजनिक व संवेदनशील स्थानों पर कार्यरत सभी महिला एवं पुरुष सफाई कर्मचारियों को कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी अंकित सोनकर की जल्द गिरफ्तारी नहीं होती और कर्मचारियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाते, तो ‘नगरीय निकाय जनवादी सफाई कामगार यूनियन (जिला दुर्ग)’ चरणबद्ध उग्र आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
जारीकर्ता: मनोज कोसरे, कलादास डेहरीया
नगरीय निकाय जनवादी सफाई कामगार यूनियन
जिला – दुर्ग (छत्तीसगढ़)




