- गरियाबंद में निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा, विकसित भारत@2047 का लिया सामूहिक संकल्प।
गरियाबंद। भारतीय जनता पार्टी गरियाबंद द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ एवं ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का भव्य आयोजन किया गया। इनडोर स्टेडियम में आयोजित सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन उपस्थित जनसमुदाय ने वर्चुअल माध्यम से सुना। इसके पश्चात सेवा, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के संदेश के साथ भव्य सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एव महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू, गरियाबंद जिला भाजपा संगठन प्रभारी अमित चिमनानी, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, गोवर्धन मांझी, डमरूधर पुजारी, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका अध्यक्षद्वय रिखीराम यादव, महेश यादव, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, श्वेता शर्मा, जिला महामंत्री आशीष शर्मा मौजूद रहे।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एव भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के लाइव उद्बोधन के उपरांत अतिथियों द्वारा सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद इसके बाद सेवा ज्योति रथ, ज्योति एवं मशाल यात्रा के साथ यात्रा इनडोर स्टेडियम से प्रारंभ हुई। शहर के मुख्य मार्ग से गुजरी यात्रा में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ युवा, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठन और बड़ी संख्या में नागरिकगण उत्साहपूर्वक शामिल हुए। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया। यात्रा का समापन पुलिस परेड ग्राउंड में हुआ, जहां ‘विकसित भारत@2047’ की संकल्पना को साकार करने के लिए उपस्थित लोगों ने सामूहिक संकल्प लिया। पुलिस परेड ग्राउंड में सेवा के रंग अंतर्गत विकसित भारत की थीम पर बनाई गई विशाल रंगोली आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। कार्यक्रम में सेवा ज्योति रथ, मशाल और कलश यात्रा ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि महासमुंद सांसद एवं भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सेवा केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा, सुशासन और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत@2047’ केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का सामूहिक संकल्प है। आज का युवा, महिलाएं, किसान, श्रमिक और समाज का प्रत्येक वर्ग राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा रहा है। सेवा ज्योति कलश यात्रा इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
श्रीमती चौधरी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने, जरूरतमंदों की सहायता करने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों से आह्वान किया कि वे सेवा की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाते हुए ‘विकसित भारत’ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि जब समाज की शक्ति और सरकार के विकास प्रयास एक साथ आगे बढ़ते हैं, तब राष्ट्र की प्रगति और तेज होती है। गरियाबंद की यह सेवा ज्योति यात्रा इसी सामूहिक सहभागिता, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है।
इस मौके पर भाजपा पदाधिकारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष गण, जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा सहित विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में सेवा, समरसता, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया।
*बॉक्स में*
विकसित भारत संकल्प सेवा चौक का नामकरण भाजपा महिला मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूप कुमारी चौधरी ने किया। इनडोर स्टेडियम के बाहर राष्ट्रीय राज्य मार्ग के किनारे यह चौक अब विकसित भारत संकल्प सेवा चौक के नाम से जाना जाएगा। वकायदा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती चौधरी ने शीघ्र चौक निर्माण कार्य करने के निर्देश नगर पालिका को दिए हैं।





