- 112 पर मिली सूचना के बाद पहुंची थी टीम, वॉशरूम समेत परिसर की हुई जांच; पुलिस ने CCTV और स्टाफ की डिटेल जुटाई
भिलाई। सिविक सेंटर स्थित हरिराज रेस्टोरेंट के वॉशरूम में कथित हिडन कैमरे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब रेस्टोरेंट संचालक और पुलिस का बयान सामने आया है। जहां कुछ लोगों के बीच हिडन कैमरा होने की चर्चा चल रही है, वहीं रेस्टोरेंट संचालक प्रकाश अग्रवाल ने इसे पूरी तरह अफवाह और निराधार बताया है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि 112 पर सूचना मिलने के बाद मौके पर जांच कराई गई थी, लेकिन जांच के दौरान हिडन कैमरे से संबंधित कोई तथ्य सामने नहीं आया।
28 तारीख को 112 पर पहुंची थी सूचना
रेस्टोरेंट संचालक प्रकाश अग्रवाल के अनुसार, 28 तारीख की रात को एक ग्राहक को संदेह हुआ कि खिड़की के बाहर से कोई मोबाइल अंदर की ओर कर रहा है। ग्राहक ने इसकी जानकारी रेस्टोरेंट प्रबंधन को दी, जिसके बाद तत्काल 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी गई।
प्रकाश अग्रवाल ने हमारे प्रतिनिधि को बताया कि 112 की टीम के पहुंचने से पहले ही रेस्टोरेंट प्रबंधन ने पूरे स्टाफ को एक जगह बुलाकर उनके मोबाइल फोन चेक कराए। इसके बाद 112 की टीम के सामने वॉशरूम सहित पूरे परिसर की जांच कराई गई।
वॉशरूम और पूरे परिसर की हुई जांच
संचालक का कहना है कि जांच के दौरान रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहकों से भी जानकारी ली गई। उस समय मौजूद ग्राहक परिवार के साथ आए हुए थे और किसी ने भी किसी तरह की परेशानी की बात नहीं कही।
प्रकाश अग्रवाल के मुताबिक, मौके पर मौजूद महिला ने भी बाद में बताया कि उसे शायद किसी आवाज को लेकर संदेह हुआ था। जांच के बाद वह संतुष्ट होकर वहां से चली गई।
पुलिस ने मांगी स्टाफ की जानकारी और CCTV फुटेज
मामले में पुलिस द्वारा जानकारी मांगे जाने के बाद रेस्टोरेंट प्रबंधन ने उस दिन मौजूद 11-12 कर्मचारियों की जानकारी, आधार कार्ड से संबंधित विवरण और CCTV फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।
रेस्टोरेंट संचालक ने कहा कि प्रबंधन पुलिस को जांच में पूरा सहयोग कर रहा है।
‘30 साल से चला रहे हैं रेस्टोरेंट, ऐसी शिकायत कभी नहीं आई’
प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि हरिराज रेस्टोरेंट को 30 वर्ष से अधिक समय हो चुका है और इतने लंबे समय में इस तरह की कोई शिकायत सामने नहीं आई। उन्होंने कहा कि जिस स्थान को लेकर हिडन कैमरे की चर्चा की जा रही है, वहां कैमरा लगाने की कोई व्यवस्था या केबल मौजूद नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा जबरन हिडन कैमरे की अफवाह फैलाई जा रही है। संचालक ने लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि के फैलाई जा रही ऐसी बातों पर ध्यान न दें।
ASP सिटी बोले—112 की सूचना पर हुई जांच, नहीं मिला कोई तथ्य
ASP सिटी शोभराज अग्रवाल ने हमारे प्रतिनिधि को बताया कि 112 डायल पर सूचना मिली थी कि हरिराज रेस्टोरेंट के बाथरूम में हिडन कैमरे को लेकर एक महिला ने सूचना दी है। सूचना के आधार पर 112 की टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई गई थी।
ASP के अनुसार, मौके पर जांच के दौरान हिडन कैमरे से संबंधित कोई तथ्य सामने नहीं आया। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच के लिए होटल संचालक से उस दिन मौजूद स्टाफ की पूरी जानकारी और CCTV फुटेज मांगी है।
‘अभी तक कोई महिला सामने नहीं आई, शिकायत भी नहीं मिली’
ASP सिटी ने स्पष्ट किया कि अभी तक इस मामले में कोई महिला पुलिस के सामने शिकायत लेकर नहीं आई है और पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत भी प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई शिकायत सामने आती है तो पुलिस नियमानुसार उसकी जांच करेगी।
उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस द्वारा उपलब्ध जानकारी और CCTV फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल हिडन कैमरे की पुष्टि नहीं
पूरे मामले में फिलहाल महत्वपूर्ण बात यह है कि हिडन कैमरा मिलने या लगाए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। 112 पर मिली सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर जांच की थी, लेकिन शुरुआती जांच में ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया। वहीं पुलिस ने आगे की जांच के लिए CCTV फुटेज और स्टाफ की जानकारी अपने कब्जे में ली है।
अर्थात, फिलहाल मामला जांच के अधीन है और हिडन कैमरे से संबंधित किसी भी दावे की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।



