Home दुर्ग नेहरू आर्ट गैलरी में वन्यजीवन छायाचित्रों की समूह प्रदर्शनी का शुभारंभ…

नेहरू आर्ट गैलरी में वन्यजीवन छायाचित्रों की समूह प्रदर्शनी का शुभारंभ…

8
0

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित, इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर स्थित नेहरू आर्ट गैलरी में प्रकृति एवं वन्यजीवन पर आधारित “वन्य जीवन पर छायाचित्रों की समूह प्रदर्शनी” का शुभारंभ 08 अक्टूबर 2026 को सायंकाल मुख्य महाप्रबंधक (सी.बी.डी.) श्री सी. श्रीनिवास सेशु ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (सम्पर्क, प्रशासन एवं जनसम्पर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी, जनसम्पर्क विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण, आर्ट्स क्लब के सदस्य, इस्पात नगरी के कलाकार, छायाचित्र प्रेमी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

 

प्रदर्शनी का अवलोकन करने के पश्चात मुख्य महाप्रबंधक (सी.बी.डी.) श्री सी. श्रीनिवास सेशु ने प्रदर्शित छायाचित्रों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रकृति एवं वन्यजीवन के ऐसे मनोहारी क्षणों को कैमरे में सहेजना न केवल एक रचनात्मक कला है, बल्कि इनके माध्यम से लोगों में जैव विविधता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता और जागरूकता भी विकसित होती है। उन्होंने तीनों छायाकारों को उनकी रचनात्मक पहल के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस समूह प्रदर्शनी में छायाकार श्री ईश्वर कुमार पटेल, श्री राहुल वेलायुधन पी.वी. एवं श्री शरित शेखर बर्मन द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों में कैमरे में कैद किए गए पक्षियों, वन्यजीवों एवं प्राकृतिक परिवेश के मनोहारी छायाचित्र प्रदर्शित किए गए हैं। तीनों छायाकारों की रुचि पक्षी एवं वन्यजीव फोटोग्राफी के साथ-साथ वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण, यात्रा तथा ट्रेकिंग में है। उनके छायाचित्र प्रकृति के विविध रूपों, वन्यजीवों के व्यवहार तथा उनके प्राकृतिक आवासों की सुंदरता को संवेदनशीलता एवं कलात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करते हैं।

 

नेहरू आर्ट गैलरी में जनसंपर्क विभाग द्वारा हाल ही में शुरू की गई पहल के तहत प्रदर्शनियों के दौरान युवा वाद्य संगीतकारों को लाइव वाद्य संगीत प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा रहा है। इसी क्रम में, प्रदर्शनी के दौरान कक्षा 9 के छात्र मास्टर पीयूष सिन्हा द्वारा मधुर बाँसुरी वादन की प्रस्तुति दी जा रही है।

 

प्रदर्शनी के माध्यम से दर्शकों को प्रकृति एवं वन्यजीवन के उन दुर्लभ और मनोहारी क्षणों को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है, जिन्हें छायाकारों ने अपने कैमरे के माध्यम से सहेजा है। ये छायाचित्र प्रकृति की सुंदरता के साथ-साथ उसके संरक्षण की आवश्यकता का भी संदेश देते हैं।

 

यह प्रदर्शनी 08 से 10 अक्टूबर 2026 तक आम दर्शकों के लिए प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से रात 8:30 बजे तक खुली रहेगी। प्रकृति एवं वन्यजीवन में रुचि रखने वाले कला प्रेमी एवं आम नागरिक इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकते हैं।