सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग द्वारा 10 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर में सायं 7:30 बजे से विख्यात ग़ज़ल गायक जगजीत सिंह की स्मृति में ‘स्वरांजलि’ संगीतमय संध्या का आयोजन किया जाएगा। यह विशेष संगीत संध्या जगजीत सिंह की कालजयी एवं लोकप्रिय ग़ज़लों को समर्पित होगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर के ग़ज़ल एवं भजन गायक प्रभंजय चतुर्वेदी तथा अखिल भारतीय आकाशवाणी एवं दूरदर्शन की स्थापित कलाकार एवं देश के अनेक संगीत समारोहों में अपनी प्रस्तुति दे चुकीं अंजलि शुक्ला तिवारी सहित राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा जगजीत सिंह की लोकप्रिय ग़ज़लों की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम में जगजीत सिंह के दीर्घ एवं गौरवपूर्ण संगीत सफर की चुनिंदा एवं सदाबहार ग़ज़लों को आकर्षक अंदाज़ में प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम में वायलिन पर संगत के लिए मुंबई के राष्ट्रीय स्तर के कलाकार रईस शाह की विशेष भूमिका होगी, जिन्होंने जगजीत सिंह के साथ अनेक कार्यक्रमों में संगत की है। इस संगीतमय संध्या को तबला वादक भालचंद्र शेगेकर, बाँसुरी वादक दुष्यंत हरमुख, की-बोर्ड वादक साईं चक्रवर्ती, ऑक्टोपैड वादक देवव्रत मजुमदार एवं शहनाई वादक सतीश सिन्हा द्वारा सजीव संगीत संगत से विशेष गरिमा प्रदान की जाएगी।
भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन द्वारा आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में सभी संगीत प्रेमियों एवं सुधी दर्शकों का प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। संयंत्र प्रबंधन ने नगरवासियों एवं संगीत प्रेमियों से इस सुरमयी संध्या में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम का आनंद लेने का आग्रह किया है।



