- शिकायत मिलते ही बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से किया संपर्क।
- महीनों या हफ्तों का काम सरपंच की सक्रियता से मात्र 24 घंटे में हुआ पूरा।
- बिजली आपूर्ति बहाल होने पर ग्रामीणों ने सरपंच का जताया आभार।
जांजगीर – चाम्पा। जिला सक्ती के जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत स्थानीय ग्राम पंचायत कोटेतरा की जागरूक और सक्रिय सरपंच श्रीमती सुनीता रमेश साहू की तत्परता से गांव में पिछले कुछ समय से ठप पड़ी बिजली की समस्या का महज़ एक दिन के भीतर समाधान कर दिया गया है। गांव का मुख्य विद्युत ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण नहर कॉलोनी सहित पूरा इलाका अंधेरे में डूबा हुआ था, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
मामले की जानकारी मिलते ही सरपंच श्रीमती सुनीता रमेश साहू तुरंत हरकत में आईं। उन्होंने समस्या की गंभीरता को देखते हुए बिना समय गंवाए बिजली विभाग के सहायक अभियंता (AE) और अन्य उच्चाधिकारियों से सीधे संपर्क साधा। सरपंच ने अधिकारियों को ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को हो रही दिक्कतों से अवगत कराया और तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।
सरपंच की इस मजबूत पैरवी और सक्रियता का असर यह हुआ कि विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर गांव में नया ट्रांसफार्मर भिजवा दिया। विभागीय कर्मचारियों की मदद से तत्काल ट्रांसफार्मर को स्थापित कर बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल कर दी गई है।
ग्रामीणों ने जताया आभार:
अंधेरे से मुक्ति मिलने और बिजली वापस आने पर ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। ग्रामवासियों ने कहा कि नहर कॉलोनी के ट्रांसफार्मर बदलने में कई दिन या हफ्ते लग जाते, लेकिन हमारी सरपंच श्रीमती सुनीता रमेश साहू की कर्मठता और सक्रियता के कारण यह काम एक ही दिन में संभव हो सका। ग्रामीणों ने इस त्वरित समाधान के लिए सरपंच और उनके पूरे सहयोगियों का सहृदय आभार व्यक्त किया है।
इस संबंध में सरपंच श्रीमती सुनीता रमेश साहू ने कहा, “ग्रामीणों की हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान करना मेरी पहली प्राथमिकता है। बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए ग्रामीणों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। मैं बिजली विभाग के अधिकारियों को भी धन्यवाद देती हूं जिन्होंने हमारे अनुरोध पर तुरंत कदम उठाया।



