Home लाइफस्टाइल बालों को सिल्की और मुलायम बनाने के लिए घर पर बनाएं अलसी...

बालों को सिल्की और मुलायम बनाने के लिए घर पर बनाएं अलसी के बीजों का हेयर मास्क…

10
0

FLAXSEED HAIR MASK: बालों को सिल्की-मुलायम और मजबूत बनाने के लिए आप घर में अलसी के बीजों से हेयर मास्क बना सकते हैं। जानें इसे बनाने का तरीका, बालों पर लगाने के संभावित फायदे और इस्तेमाल से जुड़ी जरूरी सावधानियां

रूखे-बेजान बालों को बनाना है मुलायम, तो घर पर ऐसे बनाएं अलसी का हेयर मास्क।

अगर आपके बाल भी रूखे और बेजान नजर आते हैं, उनकी ग्रोथ नहीं होती है तो आप अलसी के बीजों से बना हेयर मास्क आजमा सकते हैं। अलसी से तैयार जेल बालों को मुलायम बनाने और उलझन कम करने में मदद कर सकता है। इसके साथ ही बालों की मजबूती और ग्रोथ बढ़ाने के लिए भी इसे हेयर केयर रूटीन में शामिल कर सकते हैं। इस हेयर मास्क को घर पर बनाना भी आसान है।

पहले जानें अलसी के बीजों का हेयर मास्क लगाने के संभावित फायदे

यह बालों को मुलायम बनाने में मदद कर सकता है। इसे लगाने से बालों का उलझना कम हो सकता है। ऐसा होने से बालों का टूटना कम करने में मदद मिल सकती है। इसे लगाने से बालों में चमक आ सकती है। इसका जेल बालों की सतह को स्मूद बनाकर उन्हें चमकदार दिखा सकता है। हालांकि एक बात जान लें कि इससे नए बाल उगने या बालों की लंबाई तेजी से बढ़ने की गारंटी नहीं मिलती।

 

अलसी के बीजों से हेयर मास्क बनाने का तरीका

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

2 बड़े चम्मच अलसी के बीज

1 कप पानी

2–3 करी पत्ते

2–3 गुड़हल के पत्ते (वैकल्पिक)

1–2 चम्मच एलोवेरा जेल या दही (वैकल्पिक)

अब जान लें बनाने और लगाने का तरीका

सबसे पहले एक पैन में पानी और अलसी के बीज डालकर 5–7 मिनट तक उबालें। जैसे ही पानी जेल जैसा गाढ़ा होने लगे, तो गैस बंद कर दें। इस मिश्रण को हल्का ठंडा होने दें और छान लें। चाहें तो करी पत्ते और गुड़हल के पत्तों को थोड़े पानी में उबालकर ठंडा करें।

इस पानी को छानकर अलसी के जेल में मिला सकते हैं। मिश्रण में एलोवेरा जेल या थोड़ा दही मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें। इससे लगाने लायक पेस्ट तैयार हो जाएगा। बालों की लंबाई पर मास्क लगाएं। स्कैल्प पर तभी लगाएं, जब उससे खुजली या जलन जैसी परेशानी न होती हो। इसे 20–30 मिनट तक लगा रहने दें और फिर हल्के शैंपू से अच्छी तरह धो लें।

 

इन बातों का रखें ध्यान

मास्क बहुत पतला न बनाएं, वरना वह बालों से टपक सकता है। पहली बार इस्तेमाल करने से पहले त्वचा के छोटे हिस्से पर लगाकर जांच लें। खुजली, जलन या लालिमा होने पर इसे इस्तेमाल न करें। घर पर तैयार मिश्रण ताजा इस्तेमाल करना बेहतर है।