Home रायपुर रायपुर पश्चिम में विकास कार्यों की समीक्षा: विधायक राजेश मूणत ने जोन...

रायपुर पश्चिम में विकास कार्यों की समीक्षा: विधायक राजेश मूणत ने जोन क्रमांक 1, 2 एवं 5 के अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश…

4
0
  • त्योहारी सीजन में सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर*
  • वार्डवार विकास प्लान तैयार करें अधिकारी, जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर बनेगी कार्ययोजना

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नगर निगम के जोन क्रमांक 1, 2 एवं 5 के वार्डों में विकास कार्यों एवं मूलभूत नागरिक सुविधाओं की स्थिति को लेकर आज विधायक श्री राजेश मूणत ने समीक्षा बैठक की। बैठक में संबंधित वार्डों के पार्षदगण, अध्यक्षगण तथा जोन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान वार्डवार विकास कार्यों की प्रगति, नागरिकों की समस्याओं और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

विधायक श्री मूणत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। आगामी त्योहारी अवसरों को ध्यान में रखते हुए वार्डों में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

*जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता देने के निर्देश*

 

श्री मूणत ने कहा कि पार्षद अपने वार्ड की समस्याओं और आवश्यकताओं से सीधे जुड़े होते हैं। इसलिए उनके द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से लिया जाए और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें। विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

*वार्डवार विकास प्लान तैयार कर प्राथमिकता से होंगे कार्य*

 

विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड की आवश्यकताओं के अनुरूप वार्डवार विकास प्लान तैयार किया जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकताओं की स्पष्ट जानकारी और प्रस्ताव प्राप्त होने पर प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

*धरातल पर निरीक्षण और समन्वय से बनेगी बेहतर कार्ययोजना*

 

श्री मूणत ने जोर देते हुए कहा कि विकास योजनाएं केवल कार्यालयों में बैठकर तैयार नहीं की जानी चाहिए। अधिकारियों को वार्डों में पहुंचकर जमीनी स्थिति का निरीक्षण करना चाहिए तथा जनप्रतिनिधियों के सुझावों को कार्ययोजना में शामिल करना चाहिए। इससे नागरिकों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य सुनिश्चित किए जा सकेंगे।

विधायक ने कहा कि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं में निरंतर सुधार प्राथमिकता है। इसके लिए आवश्यक संसाधन जुटाने के साथ-साथ अधिकारियों की जवाबदेही, कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

 

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने अधिकारियों को दिए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश

 

नगर निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्डों में विकास कार्यों को गति देने तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्षदों द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। स्वच्छता, पेयजल, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय से वार्डों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

 

बैठक में जोन क्रमांक 1, 2 एवं 5 के अंतर्गत आने वाले संबंधित वार्डों के पार्षदगण, अध्यक्षगण तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।