Home दुर्ग भिलाई नगर निगम/पार्षद चुनाव में व्यक्तिगत फायदा उठाने के लिए बदला जा...

भिलाई नगर निगम/पार्षद चुनाव में व्यक्तिगत फायदा उठाने के लिए बदला जा रहा है विकास कार्यों का वार्ड: आम आदमी पार्टी…

11
0
  • वार्ड 44 की 1.69 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि को वार्ड 50 में और वार्ड 38 की राशि को वार्ड 25 में शिफ्ट करने का आम आदमी पार्टी ने किया कड़ा विरोध।
  • जिला अध्यक्ष जसप्रीत सिंह का आरोप – आगामी पार्षद चुनाव में व्यक्तिगत व राजनीतिक लाभ लेने के लिए जनता के टैक्स के पैसों की हो रही है बंदरबांट।

आम आदमी पार्टी की जानकारी में आया है कि भिलाई नगर निगम में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की साठगांठ से जनता के टैक्स के पैसों का खुला दुरुपयोग किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष जसप्रीत सिंह ने नगर पालिक निगम भिलाई (जोन 04, शिवाजी नगर) की ‘संक्षेपिका’ (नोटशीट) का खुलासा करते हुए भिलाई नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की जानकारी में यह बात साफ तौर पर आई है कि आगामी भिलाई नगर निगम एवं पार्षद चुनाव में व्यक्तिगत फायदा उठाने की नीयत से यह पूरा खेल रचा जा रहा है। जिस वार्ड के नागरिकों और क्षेत्र के विकास के लिए बजट स्वीकृत हुआ था, उस पैसे को दूसरे वार्डों में स्थानांतरित (Shift) किया जा रहा है। स्वीकृत कार्यों को इस तरह दूसरे वार्डों में भेजना केवल और केवल पार्षद चुनाव में व्यक्तिगत व राजनीतिक लाभ साधने की साजिश है।

दस्तावेजों में हुआ बड़ा खुलासा:

वार्ड क्रमांक 44 का मामला:

जोन कार्यालय के दस्तावेजों के अनुसार, वार्ड क्रमांक 44 में अधोसंरचना मद से 6 प्रमुख विकास कार्यों के लिए कुल 169.38 लाख रुपये (लगभग 1.69 करोड़ रुपये) स्वीकृत किए गए थे। इनमें शीतला मंदिर, पीएमश्री स्कूल, सरकारी अस्पताल लाइन, जलबाराम मंदिर, दीप चौक एवं लक्ष्मीनारायण नगर में सीमेंटीकरण, नाली और प्रकाश व्यवस्था के काम होने थे।

परंतु, अब पार्षद चुनाव में व्यक्तिगत लाभ कमाने के उद्देश्य से वार्ड 44 के विकास को ठप कर यह पूरा 1.69 करोड़ रुपये का फंड वार्ड क्रमांक 50 में शिफ्ट करने का प्रस्ताव तैयार कर महापौर परिषद (MIC) को भेजा गया है।

वार्ड क्रमांक 38 का मामला:

इसी तरह वार्ड क्रमांक 38 (सोनिया गांधी नगर) में डोमशेड निर्माण हेतु 20,72,503 रुपये का कार्य स्वीकृत हुआ था। जमीन विवाद का मनगढ़ंत बहाना बनाकर इस काम का स्थल बदलकर इसे वार्ड क्रमांक 25 में स्थानांतरित कराया जा रहा है, ताकि आगामी चुनाव में इसका व्यक्तिगत राजनीतिक फायदा उठाया जा सके।

जिला अध्यक्ष जसप्रीत सिंह का बयान व चेतावनी:

आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष जसप्रीत सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा:

“अगर किसी वार्ड में किसी एक जगह पर तकनीकी समस्या है, तो उसी वार्ड के दूसरे मोहल्ले/गली में विकास कार्य होना चाहिए। एक वार्ड का पैसा दूसरे वार्ड में शिफ्ट करने का कोई औचित्य नहीं है। इसे नगर निगम द्वारा पास नहीं किया जाना चाहिए।”

“साफ दिख रहा है कि पार्षद चुनाव में व्यक्तिगत फायदा उठाने के लिए जनता के टैक्स के पैसों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसे आम आदमी पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।”

“जनता के गाढ़े पसीने की कमाई को नेताओं के चुनाव चमकाने के लिए बांटना भिलाई की जनता के साथ सीधा धोखा है।”

आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांगें एवं चेतावनी:

महापौर परिषद (MIC) इस प्रकार के फर्जी और दुर्भावनापूर्ण स्थल परिवर्तन प्रस्तावों को तत्काल निरस्त करे।

जिस वार्ड के लिए विकास राशि पास हुई है, निर्माण कार्य अनिवार्य रूप से उसी वार्ड के भीतर ही कराया जाए।

यदि नगर निगम प्रशासन और महापौर परिषद इस फैसले को वापस नहीं लेते हैं, तो आम आदमी पार्टी संबंधित वार्ड के निवासियों के साथ मिलकर नगर निगम का घेराव करेगी और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।