रायपुर – आज रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त श्री संबित मिश्रा ने जी. ई. मार्ग में साइंस कॉलेज के समीप नालंदा परिसर – 2 परियोजना के निर्माणाधीन निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का स्थल निरीक्षण किया.
आयुक्त श्री संबित मिश्रा ने लगभग 21 करोड़ 7 लाख रूपये की लागत से निर्माणाधीन नालंदा परिसर 2 के प्रगतिरत निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण कर नगर निगम के सम्बंधित अभियंताओं को नालंदा परिसर 2 परियोजना के अंतर्गत प्रगतिरत निर्माण एवं विकास कार्यों को अतिरिक्त संसाधन लगाकर कार्य को तत्काल गतिमान करते हुए तय समयसीमा के पूर्व सतत मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता सहित पूर्ण करवाने निर्देशित किया.
यहां यह उल्लेखनीय है कि नालंदा परिसर 2 के निर्माण और कार्य परियोजना को पूर्ण करने हेतु समयसीमा अनुबंध की शर्त के अनुसार दिनांक 23 नवम्बर 2027 को निर्धारित है और स्थल पर परियोजना में प्राप्त स्वीकृति अनुसार 1000 सीटर लाइब्रेरी का निर्माण और विकास कार्य निरन्तर दिन – रात प्रगति पर है, जिसकी मॉनिटरिंग अभियंताओं द्वारा की जा रही है. नालंदा परिसर – 2 निर्माण की परियोजना के अंतर्गत अब तक लगभग 33 प्रतिशत निर्माण कार्य को स्थल पर पूर्ण किया गया है.
आयुक्त श्री संबित मिश्रा के स्थल निरीक्षण के दौरान नगर निगम अपर आयुक्त श्री लोकेश्वर साहू, मुख्य अभियंता श्री संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता श्री राजेश राठौर, कार्यपालन अभियंता श्री अंशुल शर्मा जूनियर सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण और ठेकेदार की उपस्थिति रही.






