दुर्ग, 14 अक्टूबर 2026 – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड(सीएसपीडीसीएल), दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत नवागढ़ स्थित सतनाम भवन में दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का एक भव्य और सफल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के माननीय मंत्री श्री दयालदास बघेल जी एवं दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद श्री विजय बघेल जी रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य रजक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष माननीय श्री प्रहलाद रजक जी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अतिथियों ने नागरिकों से अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित कर बिजली बिल से पूरी तरह राहत पाने और योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री शिरीष सेलट, अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री एस. मनोज, अधीक्षण अभियंता श्री तरुण ठाकुर, कार्यपालन अभियंता श्री धर्मेंद्र भारती, श्री कुंजेश श्रीवास तथा श्री जे.एस. भटनागर प्रमुख रूप से मौजूद रहे। साथ ही साजा और बेमेतरा संभाग के समस्त सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता और विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता के बीच सौर ऊर्जा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक नागरिकों को इस महत्वाकांक्षी योजना से जोड़ना था।
समारोह के दौरान बेहतरीन कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया, जिसमें सर्वाधिक सोलर पैनल लगवाने वाली ग्राम पंचायतों के सरपंच, स्व-सहायता समूहों की ‘सोलर दीदियां’, बैंक प्रतिनिधि, वेंडर और इस योजना के साथ-साथ कुसुम योजना के हितग्राही शामिल रहे।
नवागढ़ के स्थानीय हितग्राही श्री केवल प्रसाद सोनवानी का उदाहरण विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिनके यहाँ सोलर पैनल लगने के बाद बिजली बिल में माइनस ₹14,261 (-₹14,261) की राशि प्रदर्शित हुई, जो सौर ऊर्जा के चमत्कारी और आर्थिक लाभ का एक उल्लेखनीय उदाहरण है। कार्यक्रम के अंत में कार्यपालन अभियंता बेमेतरा श्री जे.एस. भटनागर ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित हितग्राहियों का आभार व्यक्त किया।






