भिलाई। भिलाई महिला महाविद्यालय, हॉस्पिटल सेक्टर, भिलाई में 30 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2:00 बजे रूसा हॉल में अभिभावक–शिक्षक संघ (पीटीए) की बैठक आयोजित की गई। बैठक महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुई। बैठक का समन्वयन एवं संचालन डॉ. रूपम अजीत यादव ने किया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति एवं सर्वांगीण विकास में अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहभागिता स्थापित करना था। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी विभागों के प्राध्यापकों का परिचय अभिभावकों से कराया गया, जिससे उन्हें विभिन्न विभागों की शैक्षणिक गतिविधियों एवं शिक्षकों के साथ सीधे संवाद का अवसर प्राप्त हुआ।
बैठक में अभिभावकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए अपनी बेटियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं महाविद्यालय में प्राप्त अवसरों के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने छात्राओं के विकास में महाविद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।
बैठक में नियमित उपस्थिति, अनुशासन, शैक्षणिक प्रदर्शन, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सहभागिता तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। प्राचार्य श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस ने अभिभावकों के सुझावों एवं विचारों का स्वागत करते हुए कहा कि छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अभिभावकों और शिक्षकों की संयुक्त भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर पीटीए के पदाधिकारी श्रीमती शुभांगी पदवाल, श्री मोहम्मद उमर एवं श्रीमती तनुजा मिश्रा का सक्रिय सहयोग रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापक उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. भारती वर्मा ने आभार प्रदर्शन किया। बैठक ने अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच संवाद, विश्वास और सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





