Home दुर्ग यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इण्डिया दुर्ग भिलाई इकाई का सांस्थानिक सदस्य अपोलो...

यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इण्डिया दुर्ग भिलाई इकाई का सांस्थानिक सदस्य अपोलो कॉलेज दुर्ग में जन सम्पर्क आयोजन सम्पन्न…

6
0

दुर्ग भिलाई । यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इण्डिया दुर्ग भिलाई इकाई द्वारा अपोलो कॉलेज ऑफ़ फार्मेसी एवं अपोलो कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी के छात्र छात्राओं एवं प्राध्यापकों को संस्था का सामान्य परिचय देकर और गतिविधियों से अवगत कराकर संस्था का सक्रिय सदस्यता के लिए आह्वान किया गया गया । इस अवसर पर अपोलो कॉलेज परिवार में यूथ हॉस्टल्स के प्रति काफी आकर्षण एवं उत्कंठा देखा गया ।

 

यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इण्डिया छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के सेक्रेटरी एवं दुर्ग भिलाई इकाई के चेयरमेन के. सुब्रमण्यम ने संस्था के राष्ट्रीय अन्तर्राष्ट्रीय संगठन , सदस्यता शुल्क एवं प्रविधि , कार्यप्रणाली , ध्येय एवं गतिविधियों तथा हॉस्टल सुविधाओं के विषय में विस्तृत जानकारी दी । उन्होंने बताया कि संस्था की विभिन्न प्रकार की गतिविधियाँ पूरे वर्ष देश भर में आयोजित होती रहतीं हैं जिसमें कोई भी सदस्य उस आयोजन विशेष के लिए निर्धारित शुल्क देकर शामिल हो सकता है । आज छत्तीसगढ़ में रायपुर , दुर्ग-भिलाई , धमतरी , बिलासपुर , कोरबा , रायगढ़ , जगदलपुर और राजनांदगाँव कुल आठ इकाइयाँ कार्यरत हैं ।

 

संस्था के फाउण्डर मेम्बर एस. सुरेश राव ने अपनी बाइक राइडिंग से सम्बन्धित अनुभवों को साझा किया । विदित हो कि एस. सुरेश राव लगभग सम्पूर्ण भारतवर्ष की यात्रा बाइक से सफलता पूर्वक कर चुके हैं । वे लेह लद्दाख से लेकर कन्याकुमारी तक और कच्छ से लेकर पूर्वी क्षेत्र के भी लगभग सभी महत्त्वपूर्ण स्थानों तक बाइक से यात्रा कर चुके हैं । उन्होंने अपनी यात्रा के रोचक संस्मरण भी सुनाये । एस. सुरेश राव अभी कुछ दिनों पहले ही जुपिटर स्कूटर से आदि कैलाश की अनुकरणीय एवं प्रशंसनीय यात्रा पूरी कर के आये हैं । उन्होंने इसे समग्र व्यक्तित्व विकास , सकारात्मक सोच एवं पारस्परिक सहभागिता की दिशा में एक मूल्यपरक संस्था निरूपित किया ।

 

दुर्ग भिलाई इकाई के ईपीसी पी. के. सिंह ने बताया कि जब वे अपने कैरियर की शुरुआती दिनों में कोचीन शिपयार्ड में थे तब पहली बार यूथ हॉस्टल्स से जुड़े । तब सोचते थे कि वे यूथ हॉस्टल्स की गतिविधियों को सफलतापूर्वक कैसे कर पायेंगे ? लेकिन आज यूथ हॉस्टल्स से इतनी ऊर्जा उत्साह और आत्मविश्वास से भर चुके हैं कि उन्हें कुछ भी असम्भव नहीं लगता । उन्होंने छात्र छात्राओं की जिज्ञासा का समाधान किया और उन्हें उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित भी किया ।

 

अपोलो कॉलेज के डायरेक्टर आशीष अग्रवाल ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि वे आज से पच्चीस तीस साल पहले तीन मित्रों के साथ दिल्ली गये थे । वहीं कुछ लोगों ने उन्हें यूथ हॉस्टल्स के आयोजन में शामिल होने का सुझाव दिया । उस समय यूथ हॉस्टल्स के आयोजन में उन्हें जिस आनन्द की अनुभूति हुई वह अविस्मरणीय है । उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य , शारीरिक एवं मानसिक सुदृढ़ता तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से यूथ हॉस्टल्स एक सशक्त मंच है ।

 

इस अवसर पर अपोलो कॉलेज ऑफ फार्मेसी से प्राध्यापकगण संध्या चन्द्राकर , विजय वर्मा , ऋतु साहू , गिरीश कुमार , लक्ष्मी नारायण साहू , हर्ष साव , अलका सेन एवं फिजियोथेरेपी विभाग के प्राचार्य डॉ. विपिन चन्द्राकर , डॉ. नेहा शर्मा , डॉ. अविनाश कुशवाहा , डॉ. प्रिया देशमुख , डॉ. सौरभ कुशवाहा , डॉ. सीमा साहू , डॉ. नामिया जे. समनानी सहित बड़ी संख्या में महाविद्यालयीन स्टॉफ एवं छात्र छात्राओं की उपस्थिति रही ।