March 8, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस 2025 पर सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में हरित पहलों की श्रृंखला आयोजित…

भिलाई/ दिनांक 06.06.2025: सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर पर पर्यावरणीय संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता को सशक्त बनाने और एकल-उपयोग प्लास्टिक के उन्मूलन पर केंद्रित कार्यक्रमों की श्रृंखला के माध्यम से सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित किया गया। इस वर्ष की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करें – बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन” के तहत, संयंत्र परिसर एवं नगर क्षेत्र में विविध जागरूकता और स्वच्छता अभियानों का आयोजन किया गया।

प्रातः 7:00 बजे इस्पात भवन के सामने से एक वॉकथॉन का आयोजन हुआ, जिसे क्षेत्रीय निदेशक (छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल) डॉ. अनिता सावंत तथा भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री एस. मुखोपाध्याय ने झंडी दिखाकर रवाना किया। मानव संसाधन विकास केंद्र में समाप्त हुए इस वॉकथॉन में संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों, विभागाध्यक्षों, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों, स्कूली छात्रों तथा कर्मचारियों ने भाग लिया। पर्यावरण प्रबंधन विभाग तथा खेल, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस वॉकथॉन के माध्यम से पर्यावरणीय चेतना का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. एम. रवीन्द्रनाथ, मुख्य महाप्रबंधक (पावर फैसिलिटी) श्री राजीव पांडे, महाप्रबंधक प्रभारी (पर्यावरण प्रबंधन) सुश्री उमा काटोच, महाप्रबंधक (पर्यावरण प्रबंधन) श्री संजय कुमार, अध्यक्ष (सेफी एवं ओए-बीएसपी) श्री एन. के. बंछोर तथा महासचिव (ओए-बीएसपी) श्री परविंदर सिंह सहित संयंत्र के विभिन्न महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। वॉकथॉन के प्रतिभागियों को एकल-उपयोग प्लास्टिक के विकल्प के रूप में कपड़े के थैले और टी-शर्ट वितरित किए गए।

इसी क्रम में, जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र में कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. एम. रवीन्द्रनाथ के नेतृत्व में एक जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जो ओपीडी ब्लॉक से प्रारंभ होकर अस्पताल के नवीन पार्किंग क्षेत्र तक संपन्न हुई। इस रैली में चिकित्सक, नर्स, डीएनबी छात्र, पैरामेडिकल स्टाफ, सफाईकर्मी और आम नागरिक शामिल हुए। रैली के उपरांत 150 से अधिक नीम, आम और करंज जैसे छायादार और फलदार पौधों का रोपण किया गया।


वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. विनीता द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीषा कांगो एवं डॉ. सुभोध कुमार साहा, महाप्रबंधक (एम एंड एस –चिकित्सा) श्री एस. एम. शाहिद अहमद, महाप्रबंधक (जनसंपर्क) श्री प्रशांत तिवारी, उप महाप्रबंधक (चिकित्सा-एम एंड एस) श्री नितीश कुमार कश्यप, सहायक महाप्रबंधक श्री अब्दुल हक एवं वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (पैथोलॉजी) डॉ. विवेक रंजन उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में डॉ. रवीन्द्रनाथ ने कहा कि पर्यावरण कोई भौतिक संपत्ति नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत है, जिसे संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों को सौंपना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने सिंगल यूज़ प्लास्टिक के कारण बरसात के मौसम में उत्पन्न जलजमाव एवं बीमारियों पर चिंता जताते हुए वृक्षारोपण जैसे सरल समाधान अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इसी दिन प्रातः 8:30 बजे सिविक सेंटर स्थित देशी एवं अंग्रेजी मदिरा दुकान के समीप एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय निदेशक (छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल) डॉ. अनिता सावंत ने भाग लिया। यह कार्यक्रम नगर सेवाएं विभाग, जनस्वास्थ्य विभाग एवं प्रवर्तन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराना एवं इसके प्रयोग से पूर्णतः परहेज करने का संकल्प दिलाना था। 350 से अधिक सफाईकर्मी, पर्यवेक्षक एवं स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से आसपास के क्षेत्र में फैले प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर स्वच्छता अभियान में भाग लिया।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएं एवं सीएसआर) श्री उत्पल दत्ता, महाप्रबंधक (जनसंपर्क) श्री प्रशांत तिवारी, महाप्रबंधक (नगर सेवाएं) श्री के. के. यादव, अध्यक्ष (सेफी) एवं अध्यक्ष (ओए-बीएसपी) श्री एन. के. बंछोर, महासचिव (ओए-बीएसपी) श्री परविंदर सिंह तथा उप महाप्रबंधक (नगर सेवाएं) श्री राघवेंद्र गर्ग सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में डॉ. सावंत ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 2015 से ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध है, बावजूद इसके इसका उपयोग कई क्षेत्रों में जारी है, जो चिंताजनक है। उन्होंने इसके पर्यावरणीय एवं स्वास्थ्य संबंधित दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इसके पूर्ण निषेध का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक श्री उत्पल दत्ता ने थीम “प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करें – बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन” की पुनः पुष्टि करते हुए नागरिकों से अपील की कि वे प्लास्टिक के विकल्पों को अपनाएं एवं पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनें।

अन्य उपस्थित अधिकारियों ने भी सामूहिक प्रयासों के महत्व पर बल दिया। इस अभियान में नगर सेवा विभाग के कर्मचारी, सफाई कर्मी एवं पर्यवेक्षक सहित लगभग 350 लोग सम्मिलित हुए। सिविक सेंटर स्थित देशी एवं अंग्रेजी मदिरा दुकानों के समीप चलाये गए इस सफाई अभियान के अंतर्गत चारों ओर बिखरे भारी मात्रा में कचरा विशेषकर प्लास्टिक कचरे की युद्ध स्तर पर सफाई की गयी और स्थान को पुनः स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया गया।

कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक श्री के. के. यादव ने किया तथा आभार प्रदर्शन उप महाप्रबंधक श्री राघवेंद्र गर्ग ने किया।

एक अन्य उल्लेखनीय पहल के रूप में, नगर सेवाएं विभाग के उद्यानिकी अनुभाग द्वारा सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के सहयोग से सेक्टर-8 में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर टीएसडी एवं एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों तथा कर्मचारियों द्वारा मिश्रित प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। साथ ही संयंत्र के सिंटर संयंत्र 2 व 3 एवं पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन सहित विभिन्न विभागों ने विभागीय व शॉप स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किये व पर्यावरण संरक्षण का सन्देश दिया।

——————

You may have missed