March 11, 2026

कालीगंज उपचुनाव में काउंटिंग के दौरान हुआ बम धमाका, 9 साल की बच्ची की मौत…

images (4)
  • ममता बनर्जी ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया.

कोलकाता: पुलिस ने बताया कि सोमवार को पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में बम विस्फोट में नौ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई. यह घटना कालीगंज पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बारोचंदगर में हुई, जहां दोपहर में कथित तौर पर बम फटने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. एक पुलिस अधिकारी ने इसकी पुष्टि की. विस्फोट उस समय हुआ जब कालीगंज विधानसभा उपचुनाव के लिए मतगणना चल रही थी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि पुलिस दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी.

वोट काउंटिंग के समय बम विस्फोट किया गया.

ममता बनर्जी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “मैं बारोचंदगर में हुए विस्फोट में एक युवा लड़की की मौत से स्तब्ध और बहुत दुखी हूं. दुख की इस घड़ी में मेरी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं परिवार के साथ हैं.” उन्होंने कहा, “पुलिस जल्द से जल्द दोषियों के खिलाफ सख्त और निर्णायक कानूनी कार्रवाई करेगी.” पुलिस अधिकारी ने कहा, “लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. हम विस्फोट के कारणों की जांच कर रहे हैं.”

पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर तृणमूल कांग्रेस को मिली जीत

इस बीच, पश्चिम बंगाल के नादिया जिले स्थित कालीगंज विधानसभा सीट पर हुए उप चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार अलीफा अहमद ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार आशीष घोष को 50,049 मतों के अंतर से हरा दिया है. निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर सोमवार को मतगणना के आंकड़ों से यह जानकारी मिली. अलीफा अहमद ने अपने पिता नसीरुद्दीन अहमद के 2021 के जीत के अंतर को बेहतर किया, जिनके इस साल फरवरी में निधन के कारण यह सीट खाली हुई थी.

कालीगंज में कांग्रेस उम्मीदवार तीसरे स्थान पर

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के मुताबिक, अंतिम चरण की मतगणना के बाद अलीफा को 1,02,759 वोट मिले, जबकि घोष को 52,710 वोट मिले. वाम दलों द्वारा समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार काबिल उद्दीन शेख 28,348 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे. अलीफा अहमद को 2021 में पिता को मिले कुल 1,11,696 मतों से लगभग 9,000 कम मिले, लेकिन उनकी जीत का अंतर चार साल पहले नसीरुद्दीन के 46,987 वोटों के अंतर से अधिक है.

 

You may have missed