इजरायल-ईरान सीजफायर को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा दी गई डेडलाइन पूरी…
Israel-Iran War: इजरायल और ईरान के बीच दो हफ्ते से चल रहा युद्ध क्या खत्म होने वाला है? अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तो यही दावा किया है कि दोनों देश युद्ध विराम पर सहमत हो गए हैं। लेकिन ईरान का कहना है कि ऐसा कुछ नहीं हुआ है।
कतर की राजधानी दोहा स्थित अल उदीद अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरान ने मिसाइलें दागीं जिसके बाद कतर ही नहीं, कुवैत, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भी अपने एयर स्पेस बंद कर दिए। लगा कि इजरायल और ईरान के बीच युद्ध का दायरा बढ़ने वाला है क्योंकि ईरान ने अमेरिका की चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए सीधे उसके सैन्य अड्डे को निशाना बनाया। हालांकि, कुछ घंटे बाद ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि इजरायल और ईरान पूर्ण युद्ध विराम पर सहमत हो गए हैं। लेकिन ईरान ने तुरंत ट्रंप के दावे का खंडन कर दिया जबकि इजरायल ने चुप्पी साध ली।
ट्रंप के दावे पर ईरान का इनकार
ईरान ने कहा कि उसे अमेरिका से ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं मिला है जिसमें युद्ध रोके जाने की बात हो। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरगाची ने कहा कि युद्ध विराम का फैसला बाद में लिया जाएगा, पहले इजरायल अपने हमले रोके। अगाची ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘अब तक कोई युद्ध विराम या सैन्य अभियान रोकने का कोई समझौता नहीं हुआ है। हालांकि, अगर ईरानी समय सुबह 4 बजे से पहले इजरायल ईरान के लोगों के खिलाफ अपने अवैध आक्रमण को रोक दे, फिर हमारा जवाबी कार्रवाई जारी रखने का कोई इरादा नहीं होगा। हमारे सैन्य अभियानों की समाप्ति पर अंतिम निर्णय बाद में लिया जाएगा।’
ट्रंप के बयान पर इजरायल ने ठान ली चुप्पी
उधर, इजरायल ने ट्रंप के दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि, इजरायली अधिकारियों ने यह जरूर कहा कि इजरायल भी युद्ध विराम चाहता है। इजरायली मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, इजरायली अधिकारियों ने कहा है कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू युद्ध विराम पर ट्रंप के विचारों से सहमत हैं, बशर्ते ईरान अपने मिसाइल हमलों से बाज आए। न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि इजरायली मिलिट्री ने ट्रंप के बयान पर कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया जबकि प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
ट्रंप ने बताया युद्ध विराम का पूरा प्लान
अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि इजरायल और ईरान के बीच युद्ध विराम पर सहमति बन चुकी है और दोनों 24 घंटे के अंदर सैन्य अभियान रोक देंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘सभी को बधाई! इजरायल और ईरान के बीच इस बात पर पूरी तरह से सहमति बन गई है कि 12 घंटों के लिए पूर्ण और संपूर्ण युद्ध विराम होगा (अब से लगभग 6 घंटों में, जब इजरायल और ईरान अपने अंतिम मिशनों को पूरा कर लेंगे!), जिसके बाद युद्ध को समाप्त माना जाएगा! आधिकारिक तौर पर ईरान युद्ध विराम शुरू करेगा और 12वें घंटे में इजरायल युद्ध विराम शुरू करेगा और 24वें घंटे में 12 दिवसीय युद्ध के आधिकारिक अंत को दुनिया सलाम करेगी।’