आज से तीन दिवसीय दौरे पर भारत आएंगे चीन के विदेश मंत्री वांग यी…
चीनी विदेश मंत्री वांग यी 19 अगस्त को पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे. चीन के विदेश मंत्री वांग यी 18 अगस्त को तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचेंगे.
चीन के विदेश मंत्री वांग यी 18 अगस्त को तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचेंगे. विदेश मंत्रालय द्वारा साझा किए गए कार्यक्रम के अनुसार, उनका आगमन सोमवार शाम 4:15 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर होगा. इसके तुरंत बाद, वह भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे.
अजीत डोभाल से भी करेंगे मुलाकात
वांग यी की यह यात्रा दोनों देशों के बीच जारी सीमा संवाद की एक अहम कड़ी मानी जा रही है. 19 अगस्त को वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आधिकारिक आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर शाम 5:30 बजे मुलाकात करेंगे. इसके अलावा, वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल से भी मुलाकात करेंगे, जो भारत की ओर से चीन-भारत सीमा मसले पर विशेष प्रतिनिधि की भूमिका निभा रहे हैं
24वें दौर की विशेष प्रतिनिधि वार्ता में लेंगे हिस्सा
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि एनएसए अजीत डोभाल के निमंत्रण पर चीनी विदेश मंत्री वांग यी भारत का दौरा कर रहे हैं. यह यात्रा 18 से 20 अगस्त तक चलेगी. इस दौरान वह भारत-चीन सीमा विवाद पर 24वें दौर की विशेष प्रतिनिधि वार्ता में हिस्सा लेंगे.
भारत में चीन के राजदूत ने की यात्रा की पुष्टि
भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वांग की यात्रा की पुष्टि की है. उन्होंने लिखा कि सीपीसी केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो सदस्य वांग यी भारत के निमंत्रण पर सीमा विषय पर वार्ता के लिए 18-20 अगस्त तक नई दिल्ली में रहेंगे.
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब भारत और चीन के बीच 2020 में गलवान घाटी में हुई झड़प के बाद से रिश्तों में तनाव बना हुआ है. हालांकि, 2024 में लद्दाख में कुछ क्षेत्रों में तनाव कम करने को लेकर आंशिक सहमति बनी थी.
हाल ही में चीन ने कैलाश मानसरोवर यात्रा को दोबारा शुरू किया है. वहीं, भारत ने भी चीनी नागरिकों को पर्यटक वीजा देना फिर से शुरू कर दिया है. इन प्रयासों को दोनों देशों के बीच संबंधों को सामान्य करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है.