अखिल भारतीय श्री स्वामी सीतारामाचार्य भागवत गोष्ठी द्वारा अग्रसेन भवन, न्यू खुर्सीपार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव बड़े धूमधाम और श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया…
भिलाई: अखिल भारतीय श्री स्वामी सीतारामाचार्य भागवत गोष्ठी द्वारा अग्रसेन भवन, न्यू खुर्सीपार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव बड़े धूमधाम और श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री रामानुज आचार्य श्री श्री 1008 युवराज स्वामी रामकृष्णाचार्य महाराज का सानिध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ।

महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से आए भजन गायकों ने देर रात तक भक्तिमय वातावरण रच दिया। रात्रि 12 बजे तक चले कार्यक्रम में एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा परिसर हरे कृष्ण, हरे राम के जयकारों से गूंज उठा और भक्तजन भक्ति रस में सराबोर होकर झूम उठे। मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। जैसे ही जन्माष्टमी की मंगल वेला आई, भक्तों ने एक साथ भगवान श्रीकृष्ण की आरती उतारी। दीपों की आभा और घंटों की ध्वनि से पूरा अग्रसेन भवन आस्था के प्रकाश से आलोकित हो उठा। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित हुए और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने। आयोजन की व्यवस्था श्रीनिवास खेड़िया और श्रीकांत खेड़िया द्वारा की गई थी, जिन्होंने पूरे आयोजन को सफल और भव्य रूप दिया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव ने भक्तों को न केवल भक्ति और आध्यात्मिक आनंद से भर दिया बल्कि समाज में एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश भी दिया। श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को अपने जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया।