Home छत्तीसगढ़ घनश्याम देवांगन दिवंगत साक्षरता सेवी स्व. रामकिशोर पांडे स्मृति सम्मान से हुए...

घनश्याम देवांगन दिवंगत साक्षरता सेवी स्व. रामकिशोर पांडे स्मृति सम्मान से हुए सम्मानित …

4
0

भिलाई। लगभग 35 वर्ष पूर्व 90 के दशक में दुर्ग जिला में चले साक्षरता अभियान, उत्तर साक्षरता एवं सतत् शिक्षा अभियान तथा साक्षरता से जुड़ी सामाजिक जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी एवं उत्कृष्ट योगदान देने के लिए पूर्व परियोजना संयोजक घनश्याम कुमार देवांगन का दिवंगत साक्षरता सेवी स्व. रामकिशोर पांडे की स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।

जैन भवन सेक्टर-6 में साक्षरता मित्र मंच के द्वारा आयोजित गरिमामय समारोह में उन्हें यह सम्मान रिसाली नगर निगम की महापौर श्रीमती शशि सिन्हा एवं पूर्व वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. बी. एल. तिवारी के करकमलों से पद्मश्री शमशाद बेगम, पद्मश्री कुंवर सिंह निषाद एवं पूर्व साक्षरता निदेशक एवं साक्षरता मंच के अध्यक्ष डॉ. डी. एन. शर्मा की उपस्थिति में प्रदान किया गया। उन्हें सम्मान में शॉल, श्रीफल, सम्मान-पत्र एवं उपहार भेंट किया गया।

इस अवसर पर स्व. रामकिशोर पांडे के परिजन विशेष रूप से उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि 90 के दशक में चले संपूर्ण साक्षरता अभियान के दौरान तात्कालीन परियोजना संयोजक के रूप मे घनश्याम देवांगन के कुशल नेतृत्व में साडा “ब” परियोजना क्षेत्र को प्रथम पूर्ण साक्षर शहरी परियोजना बनने का गौरव हासिल हुआ था। घनश्याम देवांगन को यह सम्मान मिलने पर देवांगन जन कल्याण समिति भिलाई, भिलाई वरिष्ठ नागरिक महासंघ, छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन एवं इंडियन इंस्टीट्यूशन ऑफ इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग भिलाई चेप्टर के पदाधिकारियों ने बधाइयां दी है।

 

———