भारत-इंडोनेशिया के बीच आज तय हो सकता है ब्रह्मोस सौदा…
नई दिल्ली: भारत और इंडोनेशिया के बीच बहुप्रतीक्षित ब्रह्मोस मिसाइल सौदा आज तय हो सकता है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री सजामसोएद्दीन के बीच होने वाली बातचीत पर सबकी नजरें टिकी हैं। इसी बीच, चक्रवात सेंयार की आहट ने दक्षिण भारत की चिंता बढ़ा दी है। तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि जलडमरूमध्य के पास बना गहरा दबाव खतरा बढ़ा रहा है। अमेरिका से बड़ी खबर में व्हाइट हाउस के पास फायरिंग में दो नेशनल गार्ड की मौत हो गई, जिस पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमलावर को कड़ी सजा देने की बात कही है। उधर, हांगकांग में लगी भीषण आग में अब तक 44 लोगों की जान जा चुकी है और 250 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। वहीं UIDAI ने दो करोड़ से अधिक मृत व्यक्तियों के आधार नंबर बंद कर दिए हैं और परिवारों से समय पर जानकारी देने की अपील की है। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर…
आज तय हो सकता है ब्रह्मोस सौदा
इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री सजाफरी सजामसोएद्दीन तीन दिवसीय भारत दौरे पर बुधवार शाम यहां पहुंचे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बृहस्पतिवार को उनके साथ तीसरे भारत-इंडोनेशिया रक्षा मंत्री संवाद की सह अध्यक्षता करेंगे। इंडोनेशिया ने भारत की ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली खरीदने में खासी दिलचस्पी दिखाई है। दोनों देशों के बीच इस बारे में सैन्य और कूटनीतिक स्तर पर बातचीत हो चुकी है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि बैठक के दौरान दोनों मंत्री क्षेत्रीय सुरक्षा समेत तमाम अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बातचीत करेंगे। साथ ही द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और गहरा करने पर भी चर्चा होगी।