भोपाल में आज से मेट्रो सर्विस की होगी शुरुआत, केंद्रीय मंत्री एमएल खट्टर दिखाएंगे हरी झंडी…
राजधानी भोपाल के लिए बड़ी खुशखबरी है। भोपालवासियों का सालों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। झीलों की नगरी भोपाल के लिए 20 दिसंबर का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा, क्योंकि आज से शहर में अत्याधुनिक ‘भोपाल मेट्रो’ रेल सेवा का कमर्शियल रन शुरू होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर शाम 4 बजे मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर सुभाष नगर स्टेशन से रवाना करेंगे। यह गौरवशाली क्षण भोपाल को आधुनिक, हरित और सुलभ परिवहन वाले शहरों की श्रेणी में खड़ा कर देगा। आम जनता 21 दिसंबर से इस मेट्रो सुविधा का आनंद ले सकेगी। भोपाल मेट्रो का टाइम टेबल भी जारी कर दिया गया है, इसके अनुसार मेट्रो रोजाना सुबह 9.00 बजे से शाम 7.00 बजे तक चलेगी.
झीलों की नगरी को मिली मेट्रो की सौगात
देश के दिल मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल को एक और गौरव प्राप्त हो रहा है। भोपाल मेट्रो परियोजना (ऑरेंज लाइन) के पहले चरण के अंतर्गत सुभाष नगर से एम्स (AIIMS) तक 6.22 किलोमीटर लंबे ‘प्रायोरिटी कॉरिडोर’ का संचालन शुरू किया जा रहा है। यह कॉरिडोर शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों को जोड़ेगा।
सीएम मोहन और केंद्रीय मंत्री दिखाएंगे हरी झंडी
आज 20 दिसंबर शनिवार शाम 4 बजे कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में मुख्य उद्घाटन कार्यक्रम होगा, जिसके बाद मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर सुभाष नगर स्टेशन पहुंचकर मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही सीएम मोहन और केंद्रीय मंत्री स्वयं मेट्रो में सवारी कर एम्स स्टेशन पहुँचेंगे और वहां प्रेस को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक विशेष रिकॉर्डेड वीडियो संदेश भी प्रसारित किया जाएगा।
अब प्रदूषण और ट्रैफिक से मिलेगी मुक्ति
भोपाल मेट्रो सिर्फ एक ट्रेन नहीं, बल्कि राजधानी की प्रगति की नई ‘लाइफलाइन’ है। 30.8 किलोमीटर लंबा यह नेटवर्क शहर के हृदय स्थल को आधुनिकता से जोड़ेगा। इसमें 16.74 किमी की ऑरेंज लाइन और 14.16 किमी की ब्लू लाइन शामिल हैं, जो एक अत्याधुनिक डिपो के साथ मिलकर शहरी आवाजाही को तेज, स्मार्ट और प्रदूषण मुक्त बनाएंगी। यह प्रोजेक्ट व्यावसायिक हब और आवासीय इलाकों के बीच की दूरी को मिटाकर नागरिकों के जीवन स्तर को एक नई ऊंचाई देगा। इस शुभारंभ के साथ ही भोपाल ने ‘ग्रीन और सुलभ राजधानी’ बनने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर पार कर लिया है।
10 हजार 33 करोड़ का मेट्रो प्रोजेक्ट
संपूर्ण भोपाल मेट्रो परियोजना की अनुमानित लागत 10,033 करोड़ रुपए है, जिसमें से केवल इस प्राथमिकता वाले कॉरिडोर (प्रायोरिटी कॉरिडोर) पर 2,225 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। आने वाले समय में ऑरेंज और ब्लू लाइन मिलकर कुल 30.8 किलोमीटर का नेटवर्क तैयार करेंगी, जो शहर के कोने-कोने को जोड़ेगा।
प्रायोरिटी कॉरीडोर में 8 मेट्रो स्टेशन
भोपाल मेट्रो के पहले चरण ऑरेंज लाइन ‘प्रायोरिटी कॉरीडोर’ का शुभारंभ किया जा रहा है। लगभग 7 किलोमीटर के इस खंड में 8 एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। यह स्टेशन एम्स, अलकापुरी, डीआरएम ऑफिस, रानी कमलापति स्टेशन, एमपी नगर, बोर्ड ऑफिस चौराहा, केन्द्रीय विद्यालय एवं सुभाष नगर है। ऑरेंज लाइन के पहले चरण में मेट्रो कुल 6.22 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। मेट्रो की औसत रफ्तार 30 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, हालांकि ट्रायल के दौरान इसे 120 किमी प्रति घंटा की गति तक भी परखा गया है।