March 6, 2026

पंजाब में 200 करोड़ की हेरोइन: अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 40 किलो चिट्टे के साथ 4 गिरफ्तार…

40-kal-haraina-pakaugdha_9b8555af6c8b97b7dcc6c6442203564e

पंजाब के अमृतसर में नशे की बड़ी खेप पकड़ी है। 40 किलो हेरोइन (चिट्टे) के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल और काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने की है।

नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल और काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ी बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने इस ऑपरेशन के दौरान 40 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन जब्त की है।

पुलिस ने मोगा जिले के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो इस हेरोइन खेप को पंजाब के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करने की फिराक में थे। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की बताई जा रही है

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस को विश्वसनीय इनपुट मिले थे, जिसके आधार पर यह ऑपरेशन अंजाम दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों को यह खेप एक शातिर और सक्रिय नशा तस्कर के निर्देशों पर सौंपी गई थी।

गिरफ्तार आरोपी मोगा जिले के कोट इसे खां क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, यह हेरोइन विभिन्न जिलों में निर्धारित ठिकानों तक पहुंचाई जानी थी। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके संपर्कों की गहनता से जांच की जा रही है।

 

पुलिस नेटवर्क के पिछले और आगे के संपर्कों की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां से लाई गई थी और किन-किन लोगों तक पहुंचनी थी। सीमा क्षेत्र से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सीमा पार संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

 

इस मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। उनका कहना है कि राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 

You may have missed