बजट के बाद आएगी शेयर बाजार में तेजी? न्यू टैक्स रिजीम पर बड़ी खबर…
बजट में क्या होगा, किसे क्या मिलेगा. किसकी उम्मीदें पूरी होंगी ये सब उस बहीखाते में बंद होकर जिसे लेकर वित्त मंत्री उस दिन नॉर्थ ब्लॉक में दिखेंगी. बतौर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का ये 9वां बजट होगा.
देश का आम बजट (Budget 2026) आने में अब सिर्फ 10 दिन का समय बचा है. सबकी निगाहें 1 फरवरी सुबह 9 बजे से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) पर टिकी होंगी. बजट में क्या होगा, किसे क्या मिलेगा. किसकी उम्मीदें पूरी होंगी ये सब उस बहीखाते में बंद होकर जिसे लेकर वित्त मंत्री उस दिन नॉर्थ ब्लॉक में दिखेंगी. बतौर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का ये 9वां बजट होगा. पिछले बजट में न्यू टैक्स रिजीम (New Tax Regime) में दी गई पर्सनल टैक्स छूट बड़ा तोहफा रहा. लेकिन, इस बार भी टैक्सपेयर्स उम्मीद कर रहे हैं कि और छूट का दायरा बढ़ सकता है. मिडिल क्लास, किसान, महिलाएं, युवा, उद्यमी और शेयर बाजार ये उम्मीद कर रहा है कि इस बार भी बजट उनके लिए कुछ खास लेकर आएगा.
शेयर बाजार में बजट से भरेगा जोश?
बजट से पहले कई मार्केट एक्सपर्ट्स ने अपनी मांगे सरकार के सामने रखी हैं. मार्केट पार्टिसिपेंट्स ने आम बजट से पहले सरकार से कैपिटल मार्केट टैक्सेशन को आसान बनाने की अपील की है. इसमें लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन्स (LTCG) पर छूट सीमा को ज्यादा करने की मांग रखी गई है. ये सुझाव भी दिया गया है कि सरकार को ट्रांजैक्शन टैक्स में और बढ़ोतरी करने से बचना चाहिए. उम्मीद की जा रही है कि भारतीय शेयर बाजारों में जोश भरने के लिए कई बड़े ऐलान किए जा सकते हैं. अगर ऐसा हुआ तो बजट के बाद शेयर बाजारों में तेजी देखी जा सकती है. विदेशी निवेशक भी भारतीय बाजारों में लौट सकते हैं. सोना-चांदी की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए भी कुछ ऐलान संभव है. बता दें कि NSE और BSE रविवार (1 फरवरी) को लाइव ट्रेडिंग करेंगे, जब यूनियन बजट पेश किया जाएगा.
न्यू टैक्स रिजीम में बढ़ेगा छूट का दायरा?
बजट 2025 में सरकार ने न्यू टैक्स रिजीम में रिबेट के साथ 12 लाख तक की कमाई को टैक्स फ्री कर दिया था. नतीजा ये हुआ कि 80 फीसदी लोग अब न्यू टैक्स रिजीम का हिस्सा हैं. क्योंकि, पुराने सिस्टम में छूट लेने के इन्वेस्टमेंट ऑप्शन भले ही ज्यादा थे, लेकिन छूट का दायरा बहुत छोटा था. चर्चा है न्यू टैक्स रिजीम को और आकर्षक बनाने के लिए सरकार नई छूट या कुछ ओल्ड टैक्स रिजीम (Old Tax regime) वाले सेक्शंस को जोड़ सकती है, जिसमें EPF, हेल्थ इंश्योरेंस जैसी छूट शामिल हैं. इसलिए एक बार फिर उम्मीदें हैं कि न्यू टैक्स रिजीम का दायरा बढ़ सकता है.
नई टीम बना रही है बजट
बजट 2026 इस बार खास होगा. चुनौतियां काफी ज्यादा हैं. ग्लोबल परिस्थितियां, महंगाई, कंजम्प्शन, शेयर बाजार सब पहलुओं पर सरकार को सोचना है. रविवार को बजट है तो शेयर बाजार भी रविवार को खुल रहे हैं. वहीं, इस बार नई टीम बजट में रोल निभा रही है, क्योंकि वित्त मंत्री की टीम में इस बार कोई वित्त सचिव नहीं है. क्योंकि, वित्त मंत्रालय में वित्त सचिव का पद खाली पड़ा है.