March 6, 2026

सीमा सुरक्षा बल ने बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया 77वाँ गणतंत्र दिवस।

IMG-20260126-WA0028

भिलाई:- दिनांक 26 जनवरी 2026 को भिलाई स्थित सामरिक मुख्यालय एवं क्षेत्रीय मुख्यालय, सीमा सुरक्षा बल में 77वाँ गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर सामरिक मुख्यालय, सीमा सुरक्षा बल, छत्तीसगढ़ के उप महानिरीक्षक (पी.एस.ओ.) श्री गिरधारी लाल मीणा ने सीमा सुरक्षा बल मुख्यालय, रिसाली, भिलाई में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उप महानिरीक्षक महोदय ने भिलाई, कांकेर एवं नारायणपुर जिलों में तैनात सीमा सुरक्षा बल के समस्त जवानों, अधिकारियों एवं उनके परिवारजनों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में उप महानिरीक्षक महोदय ने कहा कि 26 जनवरी भारतीय गणतंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण दिवस है। इसी दिन वर्ष 1950 में भारतीय संविधान लागू हुआ, जिससे भारत एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित हुआ। यह पावन अवसर हमें संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात करने, अमर शहीदों को नमन करने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा हेतु निरंतर संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अमर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि सीमा प्रहरी होने के नाते देश की सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुता एवं अखंडता की रक्षा करना हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2009 में सीमा सुरक्षा बल को छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल विरोधी अभियानों के लिए तैनात किया गया था। वर्तमान में बल कांकेर एवं नारायणपुर जिलों में पूरी प्रतिबद्धता एवं सतर्कता के साथ कार्यरत है। बल की सतत, संगठित एवं प्रभावी कार्यवाहियों के परिणामस्वरूप नक्सलियों की प्रभाव क्षेत्र एवं मनोबल में उल्लेखनीय गिरावट आई है। सुरक्षा बलों के निरंतर दबाव, विकासात्मक प्रयासों तथा स्थानीय जनता के बढ़ते सहयोग से यह स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि क्षेत्र शीघ्र ही नक्सल हिंसा से मुक्त होने की दिशा में अग्रसर है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में सीमा सुरक्षा बल के प्रत्येक जवान एवं अधिकारी के साहस, त्याग, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा की निर्णायक भूमिका रही है।

 

अंत में उप महानिरीक्षक महोदय ने सभी जवानों एवं अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।