खेत से 8 करोड़ के जब्त अफीम मामले में पूछताछ में पुलिस के हाथ लगी कई कड़ियां…
- तीनों आरोपियों को पुलिस ने किया कोर्ट में पेश,2 दिन की बढ़ी रिमांड
- -फरार आरोपी के पकड़े जाने के बाद और बड़ा खुलासा होने की आशंका
भिलाईनगर। जेवरा सिरसा चौकी अंतर्गत ग्राम समोदा- झनझरी के मध्य खेत से 8 करोड़ के पौधे जब्त मामले में आरोपियों के कॉल डिटेल और पूछताछ में कई जानकारियां पुलिस के हाथ लगी है। वहीं पुलिस ने तीनों आरोपियों को मंगलवार की शाम लगभग 4.40 बजे न्यायालय में पेश किया गया। आरोपियों की पुलिस रिमांड दो दिन के लिए बढ़ा दी गई है।
विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट दुर्ग पीएस मरकाम की कोर्ट में आरोपी विनायक ताम्रकार निवासी तमेर पारा दुर्ग, विकास बिश्नोई निवासी ग्राम मटोडा जिला जोधपुर राजस्थान हाल मुकाम ग्राम समोदा दुर्ग एवं मनीष ठाकुर को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया था। पुलिस ने न्यायालय से 5 दिन के लिए पुलिस रिमांड पर लेने का निवेदन किया था। विशेष लोक अभियोजक सूरज शर्मा ने बताया कि सुनवाई के बाद न्यायालय ने दो दिन के लिए पुलिस रिमांड बढ़ा दी है। अब सभी आरोपियों को 13 मार्च को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि आरोपियों को 7 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पूछताछ के लिए पुलिस ने तीनों आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया था और उनसे पूछताछ की गई थी। वहीं राजस्थान के जोधपुर में रहने वाले फरार आरोपी अचला राम जाट ( 28 वर्ष ) की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में और भी बड़ा खुलासा होने की आशंका जताई जा रही है।