PMGSY में भ्रष्टाचार का खेल!बीजापुर में घटिया पुलिया निर्माण।।
ठेकेदार-इंजीनियर की मिलीभगत पर उठे सवाल।।
बीजापुर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत हो रहे निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का खेल लगातार सामने आ रहा है।ताज़ा मामला जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर नवीन सड़क पर बन रही एक पुलिया का है,जहां ठेकेदार द्वारा खुलेआम मानकों को दरकिनार कर घटिया निर्माण किए जाने का मामला उजागर हुआ है।
मौके से सामने आई तस्वीरें निर्माण की पोल खोल रही हैं। पुलिया निर्माण में जहां पर्याप्त मात्रा में सीमेंट और निर्धारित सामग्री का उपयोग होना चाहिए,वहीं ठेकेदार द्वारा सीमेंट की जगह अधिक मात्रा में रेत का उपयोग किया जा रहा है। इतना ही नहीं, निर्माण में निर्धारित 20 एमएम गिट्टी के बजाय बड़े-बड़े पत्थरों का इस्तेमाल किया जा रहा है,जिससे पुलिया की गुणवत्ता और मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह पूरा खेल ठेकेदार और विभागीय इंजीनियर की मिलीभगत से चल रहा है। इंजीनियर की निगरानी में ही घटिया निर्माण कराया जा रहा है,जिससे सरकारी पैसों की खुलेआम बंदरबांट की आशंका जताई जा रही है।
मामले की जानकारी लेने के लिए जब संबंधित इंजीनियर से संपर्क किया गया तो उन्होंने मीडियाकर्मियों का फोन तक उठाना मुनासिब नहीं समझा।इससे पूरे मामले में विभागीय भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
अगर इसी तरह से मानकों की अनदेखी कर पुलिया का निर्माण किया गया तो आने वाले समय में इसकी मजबूती पर बड़ा खतरा मंडरा सकता है और किसी भी वक्त गंभीर हादसा हो सकता है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेकर जांच करता है या फिर जिम्मेदारों को बचाने का खेल चलता रहेगा।



