भिलाई। भिलाई महिला महाविद्यालय में छात्राओं के सर्वांगीण विकास एवं रोजगारोन्मुखी कौशल को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से *Employability Skills Training Programme* का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नांदी फाउंडेशन एवं महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता हिरेश कुमार साहू ने छात्राओं को संप्रेषण कौशल, व्यक्तित्व विकास, साक्षात्कार तकनीक तथा कार्यस्थल व्यवहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक कौशल भी उतने ही आवश्यक हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उपप्राचार्य डॉ. आशा रानी दास ने भी छात्राओं को इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन करियर एवं प्लेसमेंट समिति की अध्यक्ष डॉ. मोहना सुशांत पंडित के निर्देशन में किया गया। समिति के सदस्य डॉ. सलमा मोहम्मद शफी, डॉ. एम. माधुरी देवी, डॉ. रंजना साहू एवं डॉ. सरिता जोशी का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. हेमलता सिरदार, डॉ. भावना चौहान, श्रीमती नाज़नीन बेग, श्रीमती सत्यम, श्रीमती काकोली, श्रीमती निशा एवं सुश्री पूजा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लेकर प्रशिक्षण का लाभ उठाया। अंत में आयोजकों द्वारा अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।








