- विस चुनाव के ठीक पहले मॉर्फ्ड वीडियो के मामले में एमएलए देवेंद्र समर्थकों के साथ पहुंचे कोतवाली थाना
- विस सत्र खत्म होने के बाद डाक के माध्यम से मिला मुझे नोटिस
भिलाई: भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र के युवा विधायक देवेंद्र यादव आज दोपहर सेक्टर 6 स्थित कोतवाली थाना पहुंचे और थानेदार से मुलाकात की. टीआई.से मुलाकात से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि ठीक विधानसभा चुनाव के पहले एक मॉर्फ्ड वीडियो मेरी सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के लिए मार्केट में फैलाया गया है. जिसकी जांच की मांग हमने स्वयं पुलिस से की थी और हमने यह भी कहा था कि इसकी सीबीआई जांच भी हो.
एक पूर्व मंत्री के भी कथित वीडियो की सीबीआई जांच हुई थी तो मेरे मामले में आखिरकार सीबीआई जांच आज तक क्यों नहीं हो रही है. हम शुरू से ही कह रहे हैं प्रशासन मेरे इस मामले की निष्पक्षता के साथ जांच करें और स्पष्टता लाये. इस मामले में प्राथमिकी भी हुई थी. लेकिन क्या कार्यवाही हुई उसका आज तक अता-पता नहीं है. विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद मुझे डाक के माध्यम से मेरे कार्यालय को एक नोटिस मिला कि आपको 11:00 बजे थाने आकर बयान देना है. बाकायदा उसमें टाइम लिखा है कि उपस्थिति हो.
इससे यह स्पष्ट है कि सरकार में बैठे किसी औहदेदार नेता या बड़े अफसर के कहने पर क्या यह सब हो रहा है. सरकार इस मॉर्फ्ड वीडियो की जांच कर ले, मैं हर प्रकार की जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हूं. लेकिन आज तक जांच क्यों नहीं हुई. यह बड़े दुर्भाग्य की बात है. एमएलए देवेंद्र अपने समर्थकों के साथ थाना कोतवाली पहुंचे थे जिसमें एनएसयूआई एवं युवक कांग्रेस के साथी मौजूद थे. जिसमें प्रमुख रूप से सुमित पवार, शरद मिश्रा, पार्षद आदित्य सिंह सहित अनेको समर्थक थाने पहुंचे हुए थे.





