भिलाई। भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई के पायनियर्स एसोसिएशन एवं जैव प्रौद्योगिकी तथा सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग द्वारा माइक्रोबायोलॉजिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया (MBSI) के सहयोग से डॉ. होमी जहांगीर भाभा की जयंती के अवसर पर “Precision Medicine in Cancer” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. पूजा गुप्ता, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC), मुंबई में कैंसर बायोलॉजी शोधकर्ता एवं एसोसिएट प्रोफेसर (Associate Professor) हैं। कैंसर अनुसंधान एवं आणविक जीवविज्ञान के क्षेत्र में उनकी शैक्षणिक एवं शोध विशेषज्ञता ने व्याख्यान को विशेष महत्व प्रदान किया। उन्होंने कैंसर के निदान एवं उपचार में प्रिसिजन मेडिसिन की भूमिका, आनुवंशिक एवं आणविक शोध, व्यक्तिगत उपचार पद्धति तथा लक्षित चिकित्सा की आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस ने अपने उद्बोधन में वैज्ञानिक अनुसंधान एवं नवाचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर सीखने और शोध के प्रति रुचि विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजनों को विद्यार्थियों के ज्ञान एवं अकादमिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
जैव प्रौद्योगिकी एवं सूक्ष्मजीव विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं IQAC प्रभारी डॉ. भावना पांडे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार में आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों एवं प्रिसिजन मेडिसिन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को नवीन शोध क्षेत्रों से जुड़ने तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में उपप्राचार्य डॉ. आशा रानी दास एवं NAAC समन्वयक डॉ. रूपम अजित यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापकगण भी उपस्थित रहे। विशेष रूप से M.Sc. एवं B.Ed. के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की तथा विषय से संबंधित अनेक जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे। मुख्य वक्ता ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती भाविका मिश्रा ने किया। उन्होंने मुख्य वक्ता का परिचय देते हुए विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला तथा सभी अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पायनियर्स एसोसिएशन की प्रभारी डॉ. वर्षा चंद्राकर एवं श्रीमती भाविका मिश्रा का विशेष योगदान रहा। विभाग की प्राध्यापक श्रीमती दिव्या पैकरा ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य वक्ता डॉ. पूजा गुप्ता को स्मृति चिह्न एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में डॉ. वर्षा चंद्राकर ने आभार प्रदर्शन करते हुए मुख्य वक्ता, महाविद्यालय की प्राचार्य, उपप्राचार्य, विभागाध्यक्ष, NAAC समन्वयक, MBSI, समस्त प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए कैंसर के आधुनिक उपचार एवं अनुसंधान की नवीन तकनीकों को समझने तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा।





