मुख्यमंत्री जी… स्वागत है आपका! — नन्हे हाथों में गुलाब, मासूम मुस्कान ने जीत लिया सीएम का दिल…
- हेलीपैड पर बच्चों के आत्मीय स्वागत से भावुक हुए मुख्यमंत्री, देर तक करते रहे बातचीत और उत्साहवर्धन
राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गरियाबंद आगमन के दौरान हेलीपैड पर एक ऐसा भावुक और मनमोहक दृश्य देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति का दिल छू लिया। राजिम विधायक रोहित साहू की पहल पर स्थानीय नन्हे-मुन्ने बच्चों की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराई गई।
मुख्यमंत्री के हेलीपैड पहुंचते ही बच्चों ने अपने छोटे-छोटे हाथों में गुलाब के फूल लेकर उनका आत्मीय स्वागत किया। “मुख्यमंत्री जी का स्वागत है… स्वागत है…” के स्वर जैसे ही गूंजे, पूरा माहौल स्नेह और अपनत्व से भर उठा। मासूम बच्चों की निश्छल मुस्कान और उत्साह देखकर मुख्यमंत्री भी भावुक हो उठे।
बच्चों के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री ने न सिर्फ उनका अभिवादन स्वीकार किया, बल्कि उनसे आत्मीयता से बातचीत भी की। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना, उनका उत्साह बढ़ाया और खूब स्नेह लुटाया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर मुख्यमंत्री से मिलने की खुशी साफ झलक रही थी, मानो उन्हें कोई अपना अभिभावक मिल गया हो।
हेलीपैड पर कुछ पल के लिए प्रशासनिक और राजनीतिक औपचारिकताएं पीछे छूट गईं और वहां केवल बच्चों की मासूमियत, गुलाब की खुशबू और आत्मीय संबंधों का दृश्य दिखाई दे रहा था। मुख्यमंत्री और बच्चों के बीच का यह भावनात्मक संवाद उपस्थित लोगों के लिए यादगार बन गया।
नन्हे हाथों में गुलाब और होठों पर स्वागत के शब्द… गरियाबंद में मुख्यमंत्री के स्वागत का यह दृश्य पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।
