सोनिया गांधी की शरण में ममता बनर्जी, इंडिया गठबंधन की बैठक में UP चुनाव की भी दिखी झलक, अखिलेश का बढ़ा कद…
INDIA Alliance Meeting Today LIVE: सोनिया गांधी की शरण में ममता बनर्जी, इंडिया गठबंधन की बैठक में UP चुनाव की भी दिखी झलक, अखिलेश का बढ़ा कद
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली और उसके बाद पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की सरकार बन गई है. विपक्षी दलों के लिए अब अस्तित्व का सवाल आ गया है. विपक्षी दलों के बीच एकता और सहयोग को मजबूत करने की कवायद के तहत दिल्ली में INDIA अलायंस की अहम बैठक हुई, जिसमें विपक्ष की भावी राजनीति की झलक देखने को मिली.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी के तेवर भी काफी बदल चुके हैं. इंडिया गठबंधन की बैठक में ममता की सोनिया गांधी के साथ गजब की बॉन्डिंग देखने को मिली है. (फोटो: ANI)
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ विपक्षी दलों के साझा मंच INDIA गठबंधन की सोमवार को नई दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है. लगभग दो वर्षों के बाद हो रही इस बैठक को विपक्षी एकता के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों और कई राज्यों में चुनावी झटकों के बाद गठबंधन के सामने अपनी एकजुटता और रणनीति को नए सिरे से परिभाषित करने की चुनौती है. कॉन्स्टीट्यूशनल क्लब में आयोजित होने वाली इस बैठक में 23 विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की. कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे समेत कई प्रमुख नेताओं ने इसमें हिस्सा लिया.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के अनुसार, बैठक में शामिल होने के लिए 23 राजनीतिक दलों ने अपनी सहमति दी है. विपक्षी दल आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर साझा रणनीति बनाने पर विचार करेंगे. साथ ही गठबंधन के भीतर समन्वय को मजबूत करने और राष्ट्रीय मुद्दों पर संयुक्त रुख अपनाने पर भी चर्चा होगी. बैठक में अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के लिए गठबंधन के दरवाजे औपचारिक रूप से खोले जाने की संभावना भी जताई जा रही है. हालांकि, विपक्षी एकता के इस प्रदर्शन के बीच कुछ प्रमुख दलों की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय बनी हुई है.
अरविंद केजरीवाल ने बनाई दूरी
आम आदमी पार्टी (आप) इस बैठक में शामिल नहीं होगी. पिछले एक वर्ष के दौरान पार्टी ने INDIA गठबंधन से लगातार दूरी बनाई है. वहीं, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) ने भी बैठक से दूर रहने का फैसला किया है. तमिलनाडु में कांग्रेस और डीएमके के बीच संबंधों में आई खटास को इसका प्रमुख कारण माना जा रहा है. हाल ही में पश्चिम बंगाल में सत्ता गंवाने वाली तृणमूल कांग्रेस के लिए यह बैठक राष्ट्रीय स्तर पर अपनी भूमिका को फिर से मजबूत करने का अवसर मानी जा रही है. पार्टी नेतृत्व अपने नेताओं पर कथित राजनीतिक दबाव और कार्रवाई के मुद्दे पर सहयोगी दलों का समर्थन मांग सकता है. तृणमूल सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने बैठक से पहले कहा कि विपक्षी दल साझा उद्देश्य और सामूहिक कार्रवाई की भावना के साथ एकत्र हो रहे हैं.
विपक्षी गठबंधन में मतभेद
हालांकि, गठबंधन के भीतर पुराने मतभेद भी पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं. माकपा (सीपीएम) और कांग्रेस के बीच केरल विधानसभा चुनाव के दौरान लगे आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा बैठक में उठ सकता है. वाम दलों का कहना है कि कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोप गठबंधन की भावना के विपरीत हैं. सीपीएम महासचिव एम.ए. बेबी और भाकपा महासचिव डी. राजा इस मुद्दे को बैठक में उठाने के संकेत दे चुके हैं. भाजपा ने विपक्षी दलों के बीच उभरते मतभेदों को लेकर INDIA गठबंधन पर निशाना साधा है. भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि गठबंधन के भीतर गहरे मतभेद हैं और यह एक प्रभावी राजनीतिक विकल्प बनने में सक्षम नहीं दिखता.
इंडिया गठबंधन ने धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा
NDIA Alliance Meeting Today LIVE: इंडिया गठबंधन के चेयरमैन और कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि गठबंधन ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा मांगा है. गठबंधन की बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि आज की मीटिंग में 25 दलों ने हिस्सा लिया. इसमें मुख्य रूप से पांच मुद्दों पर सहमति बनी है. उन्होंने कहा कि नीट की परीक्षा में देश के युवाओं के साथ धोखा हुआ है.
Sukhendu Sekhar Roy Resignation Accepted: सुखेंदु शेखर राय का इस्तीफा मंजूर
Sukhendu Sekhar Roy Resignation Accepted: इंडिया गठबंधन की चल रही मीटिंग के बीच टीएमसी सुप्रिमो ममता बनर्जी से लगातार बुरी खरबें आ रही हैं. राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सुखेंदु शेखर राय का इस्तीफा मंजूर कर लिया है. राय ने आज की टीएमसी की प्राथमिक सदस्यता और राज्यसभा पद से इस्तीफा दिया था. उन्होंने इस्तीफे के साथ ही टीएमसी नेतृत्व पर कई गंभीर सवाल उठाए हैं. इस्तीफा देने के बाद वह सोमवार को केंद्रीय मंत्री भुपेंद्र यादव के आवास पर कई अन्य टीएमसी सांसदों के साथ मुलाकात की.
पार्टी में दलालों और अपराधियों का बढ़ा दबदबा- TMC छोड़ते ही सुखेंदु शेखर रे का बड़ा हमला
INDIA Alliance Meeting Today LIVE: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राज्यसभा सांसद पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के तुरंत बाद सुखेंदु शेखर रे ने पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार में पार्टी नेतृत्व जमीनी हकीकत से पूरी तरह कट गया है. मीडिया से बातचीत में रे ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से सत्ता में बैठे मंत्री, पंचायत नेता, पार्षद और मेयर आम कार्यकर्ताओं की पहुंच से बाहर हो गए थे. उन्होंने दावा किया कि जिन कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक संघर्ष कर पार्टी को मजबूत किया, उन्हें किनारे कर दिया गया, जबकि दलालों, चोरों, डकैतों और दुष्कर्म के आरोपियों को संगठन में आगे बढ़ाया गया. आरजी कर अस्पताल रेप-मर्डर मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब कई सच्चाइयां सामने आ रही हैं. रे ने आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ और करोड़ों रुपये की लूट की गई. उनके इस्तीफे को TMC के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है.
इंडिया गठबंधन की बैठक में डीएमके के नहीं आने पर डी. राजा ने कही ये बात
INDIA Alliance Meeting LIVE: इंडिया ब्लॉक की बैठक से पहले सीपीआई नेता डी राजा ने डीएमके की दूरी को लेकर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि डीएमके ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि उन्हें कांग्रेस पार्टी और उसके कामकाज को लेकर कुछ दिक्कतें हैं, इसलिए वे इस बैठक में शामिल नहीं होंगे. डी. राजा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि लंबे समय बाद इंडिया गठबंधन की बैठक हो रही है. डीएमके ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि उन्हें कांग्रेस पार्टी और उसके कामकाज को लेकर कुछ दिक्कतें हैं, इसलिए वे इस बैठक में शामिल नहीं होंगे. उन्होंने न सिर्फ तमिलनाडु में बल्कि पूरे देश में यह बात साफ तौर पर कही है, इसलिए डीएमके का रुख स्पष्ट है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें बैठक का न्योता मिला. एजेंडे को लेकर डी राजा ने कहा कि मुझे नहीं पता कि एजेंडा क्या है. मल्लिकार्जुन खड़गे ‘इंडिया’ गठबंधन के चेयरपर्सन हैं और उनके ऑफिस ने हमें बताया था कि बैठक है. इसी बीच, सीपीएम के महासचिव एमए बेबी ने कांग्रेस से नाराजगी के बावजूद पार्टी के बैठक में शामिल होने की बात कही.
इंडिया गठबंधन की बैठक के बीच टीएमसी दोफाड़ की कगार पर
INDIA Alliance Meeting LIVE: दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक चल रही है. इस बैठक में टीएमसी की मुखिया ममता बनर्जी भी शामिल हैं. इस बीच उनके लिए एक बहुत बुरी खबर आई है. टीएमसी के कई बागी विधायक केंद्रीय मंत्री भुपेंद्र यादव के सरकार निवास पर पहुंच गए हैं. इनके साथ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी वहां मौजूद है. रिपोर्ट के मुताबिक इस मीटिंग में टीएमसी के कम से कम 10 सांसद भाग ले रहे हैं.
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन INDIA गठबंधन बैठक में होंगे शामिल? जानें जवाब
इंडिया गठबंधन बैठक लाइव: दिल्ली में चल रही INDIA गठबंधन की बैठक के बीच झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren ने संकेत दिया है कि वह बैठक में शामिल हो सकते हैं. रांची में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या वह दिल्ली में जारी INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल होंगे, तो उन्होंने कहा – संभवतः… मैं कोशिश कर रहा हूं. देखते हैं. मुख्यमंत्री के इस बयान से बैठक में उनकी संभावित भागीदारी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. दिल्ली में आयोजित INDIA गठबंधन की बैठक में विभिन्न विपक्षी दलों के प्रमुख नेता शामिल हो रहे हैं, जहां आगामी राजनीतिक रणनीति और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की जा रही है. हेमंत सोरेने की मौजूदगी गठबंधन की एकजुटता के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
INDIA गठबंधन बैठक कांग्रेस अध्यक्ष खरगे SIR पर भड़के
इंडिया गठबंधन बैठक लाइव: इंडिया गठबंधन के अध्यक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge ने सोमवार को संविधान क्लब में आयोजित गठबंधन की बैठक में देश के सामने मौजूद आर्थिक, सामाजिक और विदेश नीति से जुड़ी चुनौतियों का मुद्दा उठाया. उन्होंने देशभर में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया की भी आलोचना की. अपने उद्घाटन संबोधन में खरगे ने संसद में संविधान (एक सौ इकतीसवां संशोधन) विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक को पराजित करने में इंडिया गठबंधन की एकजुटता की सराहना की. विभिन्न मुद्दों पर चिंता व्यक्त करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने महंगाई, परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और विदेश नीति के समझौतापूर्ण होने का आरोप लगाते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा.
INDIA गठबंधन बैठक की इन तस्वीरों को देखकर समझें क्या होगी विपक्ष की भविष्य की राजनीति
इंडिया गठबंधन बैठक लाइव: राजधानी के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में रविवार को INDIA गठबंधन की अहम बैठक शुरू हुई, जिसमें विपक्ष के कई प्रमुख नेता शामिल हुए. बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राजद नेता तेजस्वी यादव, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, एनसीपी (एससीपी) सांसद सुप्रिया सुले, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती मौजूद रहीं. बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीति, विपक्षी एकजुटता और केंद्र सरकार के खिलाफ साझा अभियान जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. विपक्षी दलों की यह बैठक 2029 के चुनावी परिदृश्य को लेकर भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
INDIA गठबंधन का उद्देश्य भाजपा की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करना – कांग्रेस विधायक
इंडिया गठबंधन बैठक लाइव: INDIA गठबंधन की बैठक से पहले कर्नाटक कांग्रेस विधायक Rizwan Arshad ने भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन का उद्देश्य भाजपा की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करना है. उनका दावा है कि 2029 के लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन भाजपा और प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व वाली सरकार को हराकर अपनी सरकार बनाएगा. रिजवान अरशद ने भाजपा पर अपने सहयोगी दलों की उपेक्षा करने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री H. D. Deve Gowda जैसे वरिष्ठ नेता ने भाजपा से राज्यसभा सीट का अनुरोध किया था, लेकिन पार्टी ने उन्हें अवसर नहीं दिया। अरशद के मुताबिक, यह देवेगौड़ा का अपमान है और इससे भाजपा का अपने सहयोगियों के प्रति रवैया उजागर होता है.
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने फाड़े पोस्टर
इंडिया गठबंधन बैठक लाइव: दिल्ली में INDIA गठबंधन की बैठक से पहले कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को निशाना बनाकर लगाए गए पोस्टरों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया. इस बीच दिल्ली युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई करते हुए उन पोस्टरों को हटा दिया, जो विभिन्न स्थानों पर लगाए गए थे. पोस्टरों में विपक्षी नेताओं के बयानों का हवाला देते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस पर सवाल उठाए गए थे. युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित अभियान बताते हुए विरोध जताया और पोस्टर हटाए. INDIA गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक से पहले इस घटनाक्रम ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है.
इंडिया अलायंस की बैठक को लेकर पोस्टर बवाल
इंडिया गठबंधन बैठक लाइव: INDIA गठबंधन की आज होने वाली बैठक से पहले राजधानी दिल्ली के कई प्रमुख चौराहों और राउंडअबाउट्स पर कांग्रेस तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए पोस्टर लगाए गए हैं. इन पोस्टरों में विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं के राहुल गांधी और कांग्रेस को लेकर दिए गए पुराने बयानों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है. पोस्टरों में एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के कथित बयान शामिल हैं. पोस्टरों के सामने आने से INDIA गठबंधन की बैठक से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है.
‘मैं ज्यादा नहीं बोलना चाहता…अखिलेश जी कार्यवाही शुरू करें’, मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने बयान में क्या दिया संकेत
इंडिया गठबंधन बैठक लाइव: मल्लिकार्जुन खरगे का बयान पढ़िए -:
मैं INDIA समूह के नेताओं की इस बैठक में आप सभी का स्वागत करता हूं. यह समूह लगभग ठीक तीन साल पहले अस्तित्व में आया था. मैं ज्यादा नहीं बोलना चाहता, क्योंकि हमारे सामने मौजूद मुद्दे आप सभी अच्छी तरह जानते हैं. हमने 17 अप्रैल 2026 को लोकसभा में अपनी एकजुटता और एकता को बहुत निर्णायक तरीके से दिखाया, जब हम सबने मजबूती से एकजुट होकर डिलिमिटेशन पर मोदी सरकार के दुर्भावनापूर्ण बिलों को परास्त किया. अब हमें उसी भावना को और मजबूत करना है और आगे बढ़ाना है, ताकि मोदी सरकार के कुशासन के कारण देश के सामने खड़ी कई राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और विदेश नीति से जुड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सके. SIR के कारण हमारे करोड़ों लोगों से उनका मताधिकार छीना जा रहा है. संविधान पर हमला लगातार जारी है. जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने और डराने-धमकाने के औजार के रूप में लगातार किया जा रहा है. गैर-भाजपा सरकारों के साथ भेदभाव किया जा रहा है.जरूरी वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और आर्थिक माहौल बेहद नकारात्मक है. नई नौकरियां पैदा करने के लिए जिस रफ्तार से नए निवेश आने चाहिए, वे बिल्कुल उस रफ्तार से नहीं आ रहे हैं. कई क्षेत्रों में निजी एकाधिकार बढ़ रहा है और MSMEs का भविष्य गंभीर संकट में है. परीक्षा प्रणाली के पूर्ण कुप्रबंधन के कारण हमारे लाखों युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं के साथ विश्वासघात किया जा रहा है. समाज के कमजोर वर्गों पर अत्याचार, खासकर भाजपा शासित राज्यों में, लगातार जारी हैं. हमारी विदेश नीति के साथ पूरी तरह से समझौता किया गया है और उन पारंपरिक मूल्यों को कायम नहीं रखा गया है, जिनकी भारत लंबे समय से पुरजोर समर्थन करता रहा है. मैं प्रत्येक दल के नेता से अनुरोध करूंगा कि वे कुछ शब्द कहें, जिसके बाद हम आगे उठाए जाने वाले कदमों पर सामूहिक रूप से चर्चा कर सकते हैं. इसके बाद हम सभी दोपहर 2:30 बजे बगल के हॉल में संयुक्त रूप से मीडिया से मिलेंगे. अब मैं अखिलेश जी से अनुरोध करूंगा कि वे कार्यवाही की शुरुआत करें.
देश में इकोनोमिक क्राइसिस – सुप्रिया सुले
इंडिया गठबंधन बैठक लाइव: INDIA गठबंधन की बैठक में हिस्सा लेने आईं एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि देश इस समय गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है. सुले ने आरोप लगाया कि भारत में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष इन मुद्दों को मजबूती से उठाएगा और जनता की आवाज बनने का काम करेगा. INDIA गठबंधन की बैठक में भी आर्थिक चुनौतियों, महंगाई और बेरोजगारी जैसे जनहित के मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.
एक अरसे के बाद एक मंच पर लेकिन दूर-दूर दिखे उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती
इंडिया गठबंधन बैठक लाइव: इंडिया गठबंधन की मीटिंग में कई ऐसी तस्वीरें दिखीं, जिसके गहरे राजनीतिक मायने हैं. सोमवार को कॉन्स्टीट्यूशनल क्लब में आयोजित बैठक में शामिल होने के लिए जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती दोनों पहुंचे. लंबे अरसे के बाद घाटी के दोनों नेता एक मंच पर दिखे. हालांकि, उनमें दूरियां भी स्पष्ट तौर पर दिखीं.
इंडिया गठबंधन में 2027 या फिर 2029 की तैयारी? फुटेज देखकर खुद समझिए
इंडिया गठबंधन बैठक लाइव: इंडिया गठबंधन की सोमवार 8 जून 2026 को अहम बैठक हो रही है. इसमें विपक्ष के तकरीबन सभी दिग्गज नेता शिरकत कर रहे हैं. बैठके दौरान एक ही फुटेज में दो तस्वीरें दिखी हैं. राहुल गांधी के बगल में अखिलेश यादव तो सोनिया गांधी के बगल में ममता बनर्जी बैठी दिखीं. अब 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा की तैयारी की तस्वीर है, या फिर 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव की यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा.
सोनिया और राहुल के दाएं-बाएं की तस्वीर ने बता दी विपक्ष की रणनीति
इंडिया गठबंधन बैठक लाइव: INDIA गठबंधन की बैठक पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भाजपा के खिलाफ विपक्ष एकजुट हो सकेगा. इसकी तस्वीर सोमवार को हो रहीं इंडिया गठबंधन की बैठक में दिखी. सोनिया गांधी के बगल में ममता बनर्जी तो राहुल गांधी के साथ अखिलेश यादव बैठे दिखे. बता दें कि इन दोनों राज्यों में लोकसभा की 120 से ज्यादा सीटें हैं. इससे भी अहम बात यह है कि उत्तर प्रदेश में अगले साल यानी 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं.
इंडिया गठबंधन की बैठक से भाजपा डरी हुई है – केसी वेणुगोपाल
इंडिया गठबंधन बैठक लाइव: INDIA गठबंधन की बैठक को लेकर कांग्रेस महासचिव (संगठन) KC Venugopal ने भाजपा पर निशाना साधा. बैठक में पहुंचने के दौरान मीडिया से बातचीत में वेणुगोपाल ने कहा, ‘आप (मीडिया) समझ सकते हैं कि इस बैठक से भाजपा कितनी डरी हुई है.’ दिल्ली के विभिन्न चौराहों पर Rahul Gandhi की आलोचना वाले पोस्टरों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘मुझे कोई पोस्टर दिखाई नहीं दे रहे हैं.’ INDIA गठबंधन की बैठक को विपक्षी एकजुटता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें विभिन्न दल मौजूदा राजनीतिक मुद्दों और आगे की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं.
INDIA गठबंधन की बैठक के एजेंडे पर क्या बोले अखिलेश यादव?
इंडिया गठबंधन बैठक लाइव: इंडिया अलायंस की बैठक में शामिल होने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी कॉन्स्टीट्यूशनल क्लब पहुंचे हैं. सोनिया गांधी भी पहुंच चुकी हैं. अखिलेश यादव से जब बैठक के एजेंडे के बारे में पूछा या तो सपा अध्यक्ष ने कहा कि यह तो बैठक में ही तय किया जाएगा. राजद नेता तेजस्वी यादव भी बैठक में शामिल हो रहे हैं.
INDIA गठबंधन की बैठक में सोनिया गांधी भी होंगी शामिल, दिग्गजों का पहुंचना शुरू
इंडिया गठबंधन बैठक लाइव: इंडिया गठबंधन की बैठक का मंच सज चुका है. इसमें सोनिया गांधी भी शामिल होंगी. ममता बनर्जी अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी के साथ इंडिया अलायंस की बैठक में शामिल होने के लिए कॉन्स्टीट्यूशनल क्लब पहुंच चुकी हैं. सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी पहुंचे हैं.
INDIA गठबंधन की बैठक से पहले उठी बड़ी मांग, सहयोगी की डिमांड होगी पूरी?
इंडिया गठबंधन लाइव: INDIA गठबंधन की बैठक से पहले उसके घटक दल आरएसपी (RSP) के सांसद एनके प्रेमचंद्रन ने विपक्षी एकता को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन को अधिक संगठित और प्रभावी बनाने के लिए इसमें एक चेयरमैन, एक संयोजक तथा एक समन्वय समिति का गठन किया जाना चाहिए. प्रेमचंद्रन ने कहा कि लंबे समय बाद INDIA गठबंधन की बैठक हो रही है और वह इस बैठक का पूरी तरह समर्थन करते हैं. उनके अनुसार, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, परीक्षाओं के संचालन में सरकार की कथित विफलता और अन्य जनहित के मुद्दों पर विपक्ष को एकजुट होकर सरकार का सामना करना होगा. उन्होंने दिल्ली में INDIA गठबंधन के खिलाफ लगाए गए पोस्टरों को लेकर भी प्रतिक्रिया दी. प्रेमचंद्रन ने कहा कि इन पोस्टरों को वह आज की बैठक की पहली सफलता मानते हैं. उनका आरोप था कि बैठक से पहले ही इस तरह की प्रतिक्रियाएं यह दर्शाती हैं कि सरकार विपक्ष की एकजुटता से चिंतित है और सरकार डरी हुई है. आरएसपी सांसद ने कांग्रेस द्वारा बैठक बुलाने के फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में विपक्षी दलों के बीच समन्वय बढ़ाना जरूरी है. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि डीएमके और आम आदमी पार्टी इस बैठक में हिस्सा नहीं ले रही हैं तथा INDIA गठबंधन के भीतर कुछ मतभेद मौजूद हैं. हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि साझा मुद्दों पर सभी विपक्षी दलों को एक मंच पर आकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई आगे बढ़ानी चाहिए.