रायपुर – रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 4 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 46 अंतर्गत नगर घड़ी चौक के पास शहीद वीर नारायण सिंह व्यवसायिक परिसर में स्थित होटल अमृतसरी रेस्टोरेंट में गंदगी पाए जाने,अतिक्रमण एवं संपत्ति कर के संबंध में नगर निगम रायपुर के आयुक्त श्री संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम उपायुक्त राजस्व डॉ अंजलि शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ तृप्ति पाणीग्रही एवं जोन 4 जोन कमिश्नर डॉ दिव्या चंद्रवंशी की उपस्थिति में नगर निगम जोन 4 की टीम और नगर निगम मुख्यालय की टीम द्वारा संयुक्त रूप से विगत दो दिन होटल अमृतसरी रेस्टोरेंट को सीलबंद करने की नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की गई.
इसके उपरांत विगत दिवस सम्बंधित अमृतसरी रेस्टोरेंट के संचालक द्वारा लगायी गयी जुर्माना राशि एक लाख रुपए को जमा कर दिया गया. साथ ही सफाई व्यवस्था को लेकर अमृतसरी रेस्टोरेंट के सम्बंधित संचालक ने शपथ पत्र नगर निगम रायपुर को प्रस्तुत किया है. जुर्माना राशि जमा करने के पश्चात निर्देशानुसार सम्बंधित अमृतसरी रेस्टोरेंट की सील को खोल दिया गया.




